{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम जीआरपी को सफलता: शातिर चोर गिरफ्तार, करीब ₹2 लाख का माल और 3 मोबाइल बरामद

 

 

​रतलाम,09जुलाई(इ खबर टुडे)। रेल यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों में होने वाले अपराधों पर लगाम लगाने के लिए जीआरपी रतलाम पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। सटीक तकनीकी विश्लेषण, त्वरित कार्रवाई और मजबूत टीमवर्क के बदौलत पुलिस ने चोरी के एक महत्वपूर्ण मामले का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से कुल ₹1.99 लाख का मसरूका (सोने के जेवरात) और चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

​जीआरपी थाना रतलाम में दर्ज चोरी के एक मामले की विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने वैज्ञानिक तरीकों का इस्तेमाल किया। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के गहन विश्लेषण और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी की पहचान की। योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बुधवार को आरोपी पंकज गौतम (उम्र 28 वर्ष), पिता बलीराम गौतम, निवासी ग्राम रोन, थाना रोन, जिला भिंड को धर दबोचा।

​सोने के जेवरात और मोबाइल जब्त
​गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की, तो उसकी निशानदेही पर चोरी का माल बरामद किया गया, जिसमें सोने का मंगलसूत्र वजन लगभग 10 ग्राम (कीमत करीब 1,20,000रुपए), ​सोने की बालियाँ: दो बालियाँ, वजन लगभग 2 ग्राम (कीमत करीब 24,000 रुपए), ​एमआई (Mi) कंपनी का मोबाइल: कीमत लगभग 15,000 ​रूपये बरामद किए गए। इस चोरी के माल की कुल अनुमानित कीमत ₹1,59,000 आंकी गई है।

​इसके अलावा, गिरफ्तारी के समय आरोपी के कब्जे से ओप्पो (Oppo) कंपनी का एक मोबाइल (कीमत ₹20,000) और वीवो (Vivo) कंपनी का एक मोबाइल (कीमत ₹30,000) भी बरामद हुआ। इन दोनों मोबाइलों के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद पुलिस ने इस पर पृथक से वैधानिक कार्रवाई की है।

​यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जीआरपी रतलाम उनि. सोहनलाल पाटीदार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई। इस टीम में ​सउनि शिव सिंह, ​प्रधान आरक्षक 538 लखन परिहार, ​आरक्षक 83 भूपेन्द्र, ​आरक्षक 646 ऋषभ,​आरक्षक 167 अनिल देवल, ​आरक्षक 652 अभिषेक पाण्डेय, ​आरक्षक 23 धर्मेन्द्र, ​आरक्षक 200 संजय ढाबी की सराहनीय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही।

​जीआरपी की यात्रियों से अपील
थाना जीआरपी रतलाम ने रेल यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने कीमती सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल जीआरपी को दें। पुलिस यात्रियों की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।