{"vars":{"id": "115716:4925"}}

जावरा पुलिस की बड़ी सफलता: महिलाओं से ठगी कर सोने के गहने उड़ाने वाला अंतरराज्यीय शातिर बदमाश गिरफ्तार
 

​'ऑपरेशन सुरक्षा कवच' के सीसीटीवी कैमरों की मदद से 24 घंटे में दबोचा, ₹2.43 लाख का माल बरामद
 
 

जावरा/ रतलाम ,25 मई (इ खबर टुडे )। जावरा शहर पुलिस और रतलाम साइबर सेल की संयुक्त टीम ने महिलाओं को अपनी जालसाजी का शिकार बनाकर सोने के आभूषण चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 2.43 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह कामयाबी पुलिस द्वारा 'ऑपरेशन सुरक्षा कवच' के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मदद से मिली है।

​पुलिस मिली जानकारी के अनुसार दो दिन पूर्व शनिवार को फरियादिया कांताबाई (40 वर्ष), निवासी बरगुंडापुरा तालनाका, जावरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 22 मई की दोपहर करीब 04:20 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके साथ जालसाजी और धोखाधड़ी कर उनका सोने का मंगलसूत्र चोरी कर लिया। शिकायत पर थाना जावरा शहर में अपराध क्रमांक 180/2026, धारा 318(4), 303(2) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

​500 कैमरों की मदद से जाल बिछाकर पकड़ा
​मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक युवराज सिंह चौहान व थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार मंडलोई की टीम गठित की गई।

​रतलाम पुलिस द्वारा चलाए जा रहे 'ऑपरेशन सुरक्षा कवच' के तहत रतलाम शहर में करीब 400 और जावरा शहर में लगे 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। सीसीटीवी कंट्रोल रूम की मदद, जमीनी पुलिसिंग और साइबर सेल रतलाम के तकनीकी सहयोग से आरोपी को सफलतापूर्वक ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया गया।

​गुजरात का रहने वाला है आरोपी, कई राज्यों में की वारदातें
​पकड़े गए आरोपी की पहचान यासीन खां उर्फ बाकड़ा पिता काले खां पठान (उम्र 52 वर्ष), निवासी कडीयाबाद मस्जिद के सामने, जमालपुर, अहमदाबाद (गुजरात) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने हैदराबाद, महाराष्ट्र, गुजरात और अन्य राज्यों में भी महिलाओं के साथ जालसाजी और चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर अन्य अपराधों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

​बरामद किया गया मशरूका
​एक मंगलसूत्र (08 सोने के मोती और एक पेंडल सहित) – कीमत लगभग ₹90,000/-
​दो नग सोने की कान की झुमकी (चेन वाली) – कीमत लगभग ₹1,50,000/-
​एक मोबाइल फोन – कीमत लगभग ₹3,000/-
​कुल बरामदगी: ₹2,43,000/- (दो लाख तैंतालीस हजार रुपये)

​पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार
​इस सराहनीय कार्य में जावरा शहर पुलिस टीम के निरीक्षक दीपक कुमार मंडलोई, उपनिरीक्षक चंद्रशेखर डिगा, प्रधान आरक्षक जाकीर खान, राहुल, आरक्षक ललित सिंह जगावत, सुरेन्द्रपाल सिंह, शक्तिपाल सिंह, अमित जाट, राजेश परिहार, नारायण सिंह, आकाश परिहार, चंद्रशेखर खटवड़ तथा साइबर सेल रतलाम से उपनिरीक्षक जीवन बारिया (प्रभारी साइबर सेल), प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, आरक्षक विपुल भावसार, मयंक व्यास, तुषार सिसोदिया एवं आर राहुल पाटीदार की मुख्य भूमिका रही। एसपी अमित कुमार ने पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।