रतलाम / निजी स्कूलों की मनमानी पर शिकंजा, जबरन खरीद पर होगी सख्त कार्रवाई
रतलाम, 17 अप्रैल। जिले में निजी (अशासकीय) विद्यालयों द्वारा अभिभावकों और विद्यार्थियों को विशेष दुकानों से पाठ्यपुस्तक, यूनिफॉर्म और अन्य सामग्री खरीदने के लिए बाध्य करने की शिकायतों पर अब सख्त कार्रवाई होगी।
मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशों के तहत कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने इस तरह की शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला पंचायत कार्यालय में स्थापित इस कंट्रोल रूम के माध्यम से अभिभावक अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में यदि कोई विद्यालय विद्यार्थियों को किताबें, स्टेशनरी, यूनिफॉर्म, जूते आदि किसी विशेष दुकान या स्वयं विद्यालय से खरीदने के लिए दबाव डालता है, तो उस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कंट्रोल रूम का दूरभाष क्रमांक 07412299372 है, जहां सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक शिकायतें दर्ज की जाएंगी। प्राप्त शिकायतों का पंजीयन कर संबंधित विद्यालयों के खिलाफ जांच एवं कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे इस प्रकार की अनियमितताओं की जानकारी तुरंत कंट्रोल रूम को दें, ताकि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके।