रतलाम: किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, प्रशासन को 'भीगी बिल्ली' बता बिल्ली को ही सौंप दिया ज्ञापन (देखिए वीडियो)
रतलाम,18 मई(इ खबर टुडे)। जिला कांग्रेस और जिला किसान कांग्रेस द्वारा हर्ष विजय गेहलोत एवं राजेश भरावा कुमावत के नेतृत्व में किसानों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट का घेराव किया गया। इस प्रदर्शन के दौरान एक अनोखा और चर्चा का विषय बना वाकया सामने आया, जब किसान नेता राजेश पुरोहित किसानों की बदहाली को प्रदर्शित करते हुए जमीन पर लुढ़कते-लुढ़कते कलेक्टर कार्यालय के मुख्य दरवाजे तक पहुंचे।
प्रदर्शन के बाद नाराज कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रशासन के अड़ियल रवैये से क्षुब्ध होकर एक जिंदा बिल्ली को मंगवाया और उसे ही ज्ञापन सौंप दिया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि प्रशासन 'भीगी बिल्ली' बन चुका है और किसानों की आवाज सुनने को तैयार नहीं है, इसलिए बिल्ली को ही ज्ञापन सौंपना उचित समझा।
एडीएम को सौंपा ज्ञापन, नहीं मिला उचित आश्वासन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों का ज्ञापन एडीएम शालिनी श्रीवास्तव को सौंपा। हालांकि, प्रशासन की तरफ से किसानों को कोई ठोस आश्वासन या उचित जवाब नहीं मिला। इस अनदेखी से नाराज होकर कांग्रेसियों और किसानों ने जमकर नारेबाजी की और कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर ही केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
ज्ञापन में उठाई गईं 7 प्रमुख मांगें
गेहूं उपार्जन केंद्रों पर किसानों को फसल बेचने में आ रही दिक्कतों का तत्काल समाधान किया जाए। रतलाम जिले की बिरमावल और रिंगनोद में लंबे समय से बंद पड़ी उपमंडियों को तुरंत शुरू किया जाए। खाद वितरण के लिए लागू e-token व्यवस्था में आ रही तकनीकी दिक्कतों को शासन स्तर पर सुधारा जाए। नीट परीक्षा घोटाले में छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले दोषियों पर सख्त कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाए और मामले की CBI जांच हो।
अशोक जाट पर जिला बदर कार्रवाई रद्द हो
उज्जैन के किसान नेता अशोक जाट पर राजनीतिक द्वेषवश की गई जिला बदर की कार्रवाई को तत्काल वापस लिया जाए। कृषि मंडियों में आए दिन होने वाले विवादों को रोकने के लिए पुख्ता सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था बनाई जाए। जिन किसानों के पास फॉर्मर ID नहीं है, वे खाद का टोकन बुक नहीं कर पा रहे हैं। बचे हुए सभी किसानों की ID तुरंत बनाई जाए।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
इस उग्र आंदोलन और प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंडी अध्यक्ष दिनेश शर्मा, मोहित जाट, ब्लॉक किसान कांग्रेस अध्यक्ष अमृत मालवीय, किशन सिंगर, बापू सिंह दोडीआर, रमेश दिनडोर, मनोहर सिंह कोटड़ी, अजय जाट, सविता बाबर, थावर लाल पाटीदार (मांगरोल), मनोहर लाल शर्मा, कैलाश शाह, पप्पू पटेल, गोपाल मालवीय, आशीष शर्मा, कैलाश मालवीय और लालू निनामा सहित बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।