{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम में जनसुनवाई / 55 आवेदकों की शिकायतें सुनी गईं, त्वरित निराकरण के निर्देश
 

 
 

रतलाम, 07 अप्रैल (इ खबर टुडे)। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय रतलाम में जनसुनवाई आयोजित की गई।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में आयोजित इस जनसुनवाई में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे 55 आवेदकों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों से प्राप्त शिकायतों पर अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। साथ ही नई शिकायतों पर शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई कर संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल ने पूर्व में आयोजित जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों की समीक्षा भी की। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के निर्देश देते हुए अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने के लिए कहा।

जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यथासंभव मौके पर ही उनका निराकरण किया जाए और की गई कार्रवाई की जानकारी आवेदकों को समय पर दी जाए।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान उनकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जनसुनवाई की प्रक्रिया नियमित रूप से जारी रखी जाएगी, ताकि नागरिकों को समयबद्ध न्याय और सहायता मिल सके।

रतलाम पुलिस द्वारा इस तरह की पहल से आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाने और उनके त्वरित समाधान की सुविधा मिल रही है।