पुलिस अधीक्षक से शिकायत: फरियादी का आरोप—स्टेशन रोड पुलिस ने FIR से हटाई सोने की बाली लूटने, गंभीर मारपीट और छेड़छाड़ की मुख्य बातें
रतलाम,19मई (इ खबर टुडे)। शहर के राजस्व नगर क्षेत्र में रहने वाली एक छात्रा ने बीते दिन सोमवार को पुलिस अधीक्षक अमित कुमार को एक शिकायती आवेदन सौंपा है। शिकायत में स्टेशन रोड पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा गया है कि पुलिस ने घटना की मूल शिकायत में से सोने की बाली लूटने, बर्बरतापूर्वक मारपीट किए जाने और महिलाओं के साथ हुई गंभीर छेड़छाड़ व अभद्रता के मुख्य आरोपों को दर्ज नहीं किया है।
फरियादी छात्रा द्वारा पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत और पूर्व में दर्ज कराई गई प्राथमिकी (FIR) के विवरण के अनुसार, घटना 16 मई 2026 की रात करीब 10:00 बजे की है। छात्रा के अंकल अनिल पुरोहित अपने ऑटो (क्रमांक MP43 ZE0461) पर कुर्सियां और स्टूल लादकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दूसरे घरों के बिजली के तारों से ऑटो में रखा सामान उलझ गया, जिससे तार टूट गए।
इस बात को लेकर सामने रहने वाले देवीलाल झोडिया और शंकर झोडिया वहां आए और गाली-गलौज करने लगे। जब उन्हें रोकने का प्रयास किया गया, तो देवीलाल ने लठ (लाठी) से अंकल के सिर पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए मंदिर के पंडित रवि मेहता के साथ भी आरोपियों और उनके साथियों (श्याम झोडिया, सन्नू झोडिया) ने लात-घूंसों से गंभीर मारपीट की।
महिलाओं से बर्बरता, लूट और छेड़छाड़ के गंभीर आरोप
शिकायत के मुताबिक, जब पीड़िता और उसकी मां बीच-बचाव करने आईं, तो आरोपी पक्ष के पुरुषों और महिलाओं (रेशम, माया कला, तुलसी) ने मिलकर उनके साथ बुरी तरह मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों द्वारा पीड़िता और उसकी मां के साथ न सिर्फ गंभीर छेड़छाड़ की गई, बल्कि उनके प्राइवेट पार्ट्स (गुप्तांगों) पर भी हाथ लगाया गया और अश्लील हरकतें की गईं।
इसके साथ ही, इस पूरी झूमाझटकी के दौरान आरोपियों ने पीड़िता की मां के कान की सोने की बाली खींचकर लूट ली, जो अब तक नहीं मिली है। हमलावरों ने पीड़िता के कपड़े भी फाड़ दिए, उसका मोबाइल तोड़ दिया और जान से मारने की धमकी दी।
SP से लगाई न्याय की गुहार
फरियादी का आरोप है कि स्टेशन रोड थाना पुलिस ने इस पूरे खौफनाक घटनाक्रम में उनके द्वारा बताए गए सोने की बाली लूटने, कपड़े फाड़ने, प्राइवेट पार्ट पर हाथ लगाने (छेड़छाड़) और गंभीर मारपीट के प्रमुख आरोपों को प्राथमिकी में उचित धाराओं के तहत शामिल नहीं किया है। मामले में लापरवाही बरतने और आरोपियों को बचाने के संदेह में अब पीड़िता ने सीधे पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के समक्ष उपस्थित होकर निष्पक्ष जांच करने, लूटी गई सोने की बाली बरामद करने और छेड़छाड़ व लूट की गंभीर धाराएं बढ़ाने की मांग की है।