{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 अवैध शराब कारोबारी राजाराम पर कलेक्टर की कार्रवाई: 6 माह के लिए रतलाम सहित 5 जिलों से किया जिलाबदर

 

 

रतलाम,10 नवंबर (इ खबर टुडे)। जिले में अवैध शराब के काले कारोबार पर नकेल कसने और कानून-व्यवस्था दुरुस्त रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बड़ी सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अजय कटेसरिया ने मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आदतन आरोपी राजाराम पिता रामचन्द्र जाट (निवासी ग्राम रुघनाथगढ़, थाना नामली) को 6 माह के लिए जिलाबदर कर दिया है।

​जारी आदेश के अनुसार आरोपी राजाराम को 6 माह की अवधि के लिए रतलाम जिले की संपूर्ण सीमाओं के साथ-साथ पड़ोसी जिलों—उज्जैन, आगर, धार, झाबुआ और मंदसौर की राजस्व सीमाओं से भी बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

​मिलावटी व विषाक्त शराब से जनहानि रोकने की कवायद
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के कारोबार में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले असामाजिक तत्वों और आदतन अपराधियों के खिलाफ यह प्रतिबंधात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस कड़ी कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य अवैध शराब के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना तथा मिलावटी व जहरीली शराब से होने वाले संभावित खतरों और जनहानि को रोकना है।