स्वतंत्रता दिवस आयोजन की सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करें : कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह
रतलाम 3 अगस्त(इ खबर टुडे )। आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं। जिन अधिकारियों को विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं, वे उनका गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें।
यह निर्देश कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने सोमवार को आयोजित स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह की तैयारियों की बैठक में दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत ने विभिन्न विभागों को सौंपे जाने वाले दायित्वों की जानकारी देते हुए तैयारियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि मुख्य समारोह के लिए परेड का पूर्वाभ्यास शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा तथा 13 अगस्त को कलेक्टर पूर्वाभ्यास का निरीक्षण करेंगी।
कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने वर्षा की संभावना को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह स्थल पर वाटरप्रूफ टेंट की व्यवस्था की जाए तथा आयोजन स्थल का पूर्व निरीक्षण कर जलभराव की स्थिति का आकलन करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में मुख्य समारोह के लिए मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, मैदान का समतलीकरण, बैठक व्यवस्था, कार्यक्रम संचालन, अतिथियों एवं विशिष्ट व्यक्तियों के लिए बैठक व्यवस्था सहित अन्य सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए।