राखी के बाद शहर को मिलेगी नए सिटी फोरलेन की सौगात,50 करोड की लागत से बनेगें तीन नए सिटी फोरलेन
एसपी कलेक्टर के बंगले भी होंगे सडक चौडीकरण से प्रभावित,कई अतिक्रमण टूटेंगे
रतलाम,20 अगस्त (इ खबरटुडे)। रक्षाबन्धन के पर्व के बाद शहर को नए सिटी फोरलेन की सौगात मिलने जा रही है। पचास करोड की लागत से शहर की तीन सडक़ों को फोरलेन में तब्दील किया जाएगा। 22 मीटर की चौडाई में बनने वाले इस फोरलेन को बनाने में एसपी और कलेक्टर जैसे बडे अधिकारियों के बंगले भी प्रभावित होंगे। आफिसर कालोनी के कई बंगलों को सडक़ से पीछे सरकाया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक विभाग को शहर की तीन मुख्य सडक़ों को फोरलेन में बदलने की योजना को स्वीकृती प्राप्त हो चुकी है। विभाग द्वारा सिटी फोरलेन के इस प्रोजेक्ट के लिए टेण्डर प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है और चौडीकरण कार्य के लिए वर्क आर्डर भी जारी कर दिए गए हैैं।
शासन द्वारा स्वीकृत किए गए प्रोजेक्ट में शहर की तीन मुख्य सडक़ों को लिया गया है। इनमें पहली सडक़ आफिसर कालोनी मेन रोड से शैरानी पुरा,हाकीमबाडा,फूल मण्डी,चमारिया नाका होते हुए अमृतसागर तालाब तक की है,जबकि दूसरा रोड बाजना बस स्टैण्ड से हाट की चौकी,शहर सराय,शहीद चौक होते हुए सैलाना बस स्टैण्ड तक का है। तीसरा रोड जवाहर नगर से अम्बे चौक,लक्ष्मण पुरा मेन रोड होते हुए रेलवे कालोनी मेन रोड तक है।
20 पुल पुलियाएं होंगी चौडी
विभागीय सूत्रों के मुताबिक इन तीनों सडक़ों की कुल लम्बाई 7.2 किमी है और इन्हे फोरलेन में तब्दील करने के लिए विभाग द्वारा लगभग 50 करोड रु.स्वीकृत किए गए है। 7.2 किमी लम्बाई वाले इन मार्गो में करीब 20 पुल पुलियाओं का चौडीकरण भी शामिल है। इन बीस पुल पुलियाओं में से 7 तो बडे पुल है,जिन्हे स्लैब डालकर चौडा किया जाना है,जबकि 13 पुलियाएं ऐसी हैैं जिन्हे पाइप डालकर चौडा किया जाएगा। सडक़ चौडीकरण के इस प्रोजेक्ट में सडक़ों के विद्युत पोल भी शिफ्ट किए जाएंगे और साथ ही नगर निगम की पेयजल पाइप लाइन भी नए सिरे से डाली जाएगी। प्रोजेक्ट के लिए स्वीकृत की गई राशि में इसके लिए भी पृथक से प्रावधान रखा गया है।
22 मीटर होगी चौडाई,अफसरों के बंगले भी होंगे प्रभावित
विभागीय सूत्रों के अनुसार,रतलाम नगर के लिए स्वीकृत किए गए मास्टर प्लान में सिटी फोरलेन की चौडाई 22 मीटर रखे जाने का प्रावधान है। इसी को देखते हुए स्वीकृत किए गए फोरलेन की चौडाई 22 मीटर रखी जाएगी। वर्तमान में सडक़ों की चौडाई बेहद कम है,और सडक़ों के बिलकुल नजदीक में घर व दुकान आदि बने हुए है। फोरलेन की चौडाई 22 मीटर रखने के लिए कई सारे मकान और दुकानों को पीछे हटाना पडेगा। यहां तक कि कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक जैसे बडे अधिकारियों के बंगले भी इस प्रोजेक्ट से प्रभावित होंगे। आफिसर कालोनी मेन रोड पर बने लगभग सभी बंगलों की बाहरी दीवारें इस प्रोजेक्ट के लिए तोडी जाएगी और इन्हे 10 से 15 फीट पीछे बनाया जाएगा।
इतना ही नहीं,चौडीकरण के इस प्रोजेक्ट में शैरानी पुरा जमातखाने के पास स्थित एक सरकारी स्कूल का भवन भी टूटेगा। हांलाकि प्रोजेक्ट में एक नया शाला भवन बनाने का प्रावधान भी रखा गया है। नया शाला भवन नजदीक ही किसी उपयुक्त स्थान पर बनाया जाएगा।
राखी के बाद डाली जाएगी सेन्टर लाइन
विभागीय सूत्रों के मुताबिक शहर की सडक़ों को फोरलेन में तब्दील करने का प्रोजेक्ट शुरु हो चुका है। फिलहाल सडक़ चौडीकरण के लिए अलग अलग विभागों से अनुमतियां प्राप्त की जा रही है। रक्षाबन्धन के बाद चौडीकरण का वास्तविक कार्य प्रारंभ होगा। फोरलेन की चौडाई 22 मीटर रखी जानी है,इसके लिए सबसे पहले सर्वे करके सेन्टर लाइन डाली जाएगी और फिर सेन्टर लाइन से दोनो तरफ 11-11 मीटर की चौडाई नाप कर अवरोध बनने वाले निर्माणों को हटाने की कार्यवाही प्रारंभ की जाएगी।
चौडीकरण से मिलेगी बडी सुविधा
सिटी फोरलेन के लिए चयनित की गई सडक़ों का चौडाकरण कार्य पूरा होने के बाद नागरिकों से इससे बडी सुवधिा मिलेगी। चयनित की गई सभी सडक़ें वर्तमान में अत्यन्त संकरी है और इन पर यातायात का भारी दबाव है। इन सडक़ों के फोरलेन बन जाने से इन पर यातायात का दबाव कम हो सकेगा और लोगों को आवाजाही में बडी सुविधा मिलेगी।