मंत्री चेतन्य काश्यप की माताजी श्रीमती तेजकुंवरबाई काश्यप के निधन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रतलाम पहुंचकर व्यक्त किए शोक
रतलाम, 13 अक्टूबर(इ खबर टुडे)। मध्य प्रदेश शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री चेतन्य काश्यप की धर्मपरायण एवं समाजसेवी माताजी, स्वर्गीय श्रीमती तेजकुंवरबाई काश्यप के दु:खद निधन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रतलाम पहुंचकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रतलाम स्थित विसाजी मेंशन (स्टेशन रोड) पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्गीय श्रीमती तेजकुंवरबाई काश्यप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इसके साथ ही उन्होंने शोकाकुल परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में ईश्वर से संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
संघर्ष और दूरदृष्टि से संवारे परिवार और संस्कार
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वर्गीय श्रीमती तेजकुंवरबाई काश्यप के प्रेरणादायी जीवन का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि उन्हें भी माताजी का स्नेह सदैव प्राप्त हुआ। कुक्षी जैसे छोटे स्थान से अपनी जीवन यात्रा आरंभ करने वाली श्रीमती काश्यप ने पति के निधन के पश्चात अपनी छोटी-छोटी संतानों को संभाला और उन्हें श्रेष्ठ संस्कारों के साथ आगे बढ़ाया। उन्होंने अपनी दूरदृष्टि से पुत्रों को जिम्मेदारियां सौंपकर परिवार को एक सुदृढ़ आधार प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संतान ही अमरता की निशानी है। उन्होंने अपने उत्तराधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए उनकी कार्ययात्रा को आगे बढ़ते देखा। आज 'चेतन्य काश्यप फाउंडेशन' जरूरतमंद परिवारों के पुनर्वास, स्वावलंबन और संस्कार निर्माण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है, जो उनके संस्कारों का ही प्रतिफल है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि तेजकुंवरबाई के नाम में ही तेज समाहित था और उनका यह तेज सदैव सबके कल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने दिवंगत पुण्यात्मा को शत-शत नमन करते हुए परमात्मा के श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।
गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के मंत्री नागर सिंह चौहान ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन श्री प्रदीप उपाध्याय ने किया।
इस अवसर पर परिवार के सदस्यों में सिद्धार्थ काश्यप, श्रवण काश्यप, सारांश काश्यप, श्रीमती भावना शैलेन्द्र मानावत के साथ ही नगर पालिका निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, महापौर प्रहलाद पटेल, आरडीए (RDA) अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, तथा विभिन्न राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों में कमिश्नर आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, कलेक्टर अजय कटेसरया, डीआईजी निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सहित अन्य जिलाधिकारी भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।