पश्चिम रेलवे कर्मचारी परिषद की केंद्रीय कार्यकारिणी बैठक रतलाम में संपन्न
रतलाम, 24 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। पश्चिम रेलवे कर्मचारी परिषद (PRKP) की केंद्रीय कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक रतलाम में आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता कल्याण सिंह जी ने की।
बैठक में संगठन एवं भारतीय मजदूर संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर अखिल भारतीय उपाध्यक्ष एवं रेलवे प्रभारी अशोक शुक्ला, रेलवे प्रभारी मंगेश देशपांडे, कार्यकारी अध्यक्ष अजय त्रिपाठी, सहायक महामंत्री शिव प्रसाद साव, संगठन मंत्री शिव लहरी शर्मा एवं महामंत्री प्रशांत पांडे उपस्थित रहे।
सभी मंडलों और वर्कशॉप के प्रतिनिधियों की सहभागिता
केंद्रीय कार्यकारिणी की इस बैठक में पश्चिम रेलवे के सभी मंडलों एवं वर्कशॉप—रतलाम, मुंबई, बड़ौदा, भावनगर, राजकोट तथा अहमदाबाद—के मंडल अध्यक्ष, मंडल मंत्री, कोषाध्यक्ष और अन्य अपेक्षित पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस बैठक से संगठन की एकजुटता और आपसी समन्वय का प्रदर्शन हुआ, जो कर्मचारी हितों के लिए सामूहिक विचार-विमर्श हेतु एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है।
बैठक में चर्चा किए गए प्रमुख बिंदु एवं मांगें
आगामी 25 अक्टूबर को होने वाले पश्चिम रेलवे कर्मचारी परिषद के क्षेत्रीय अधिवेशन के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। रेल कर्मचारियों के बोनस की घोषणा के संबंध में चर्चा की गई कि कागजों पर बोनस की घोषणा 78 दिन की जाती है, परंतु वास्तविक राशि बहुत कम मिलती है, तथा पिछले कई वर्षों से कैलकुलेशन की सीलिंग न बढ़ने के कारण कर्मचारियों में निराशा है जिसे बढ़ाने की मांग की गई।
8वें वेतन आयोग के गठन और रिपोर्ट आने में समय लगने के कारण बढ़ती महंगाई और खर्चों को देखते हुए, रेल कर्मचारियों को 30% अंतरिम राहत दिए जाने की मांग उठाई गई। सरकार द्वारा नियमित कार्यों पर नियमित कर्मचारियों के स्थान पर संविदा (Contract) और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति (Re-engagement) किए जाने का विरोध किया गया, और बेरोजगार युवाओं के लिए नई भर्तियां निकालने की मांग की गई ताकि देश और समाज में उन्नति हो सके।
उक्त जानकारी धीरज प्रजापति सहायक मंडल मंत्री एवं मीडिया प्रभारी पश्चिम रेलवे कर्मचारी परिषद, रतलाम मंडल ने दी।