{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम : अख्तर अली बैैंक घोटाले में हुई सीबीआई की एन्ट्री, बैैंको से मांगा रेकार्ड

 
 

रतलाम,16 जून (इ खबरटुडे)। किसी समय शहर के बडे व्यवसाईयों में शामिल रहे अख्तर अली द्वारा किए गए बैैंक घोटालों की जांच में अब सीबीआई के भी शामिल होने की खबर है। बताया जाता है कि सीबीआई ने रतलाम की विभिन्न बैैंक शाखाओं से अख्तर अली से सम्बन्धित रेकार्ड मांगा है।

उल्लेखनीय है कि अख्तर अली और उसके परिजनों ने रतलाम की विभिन्न बैैंक शाखाओं से लगभग तीन सौ करोड रुपए का कर्ज ले लिया था और इस कर्ज की आदायगी के वक्त अख्तर अली ने हाथ खडे कर दिए थे। बैैंक के मैनेजरों ने अख्तर अली की हाई फाई लाइफ स्टाइल से प्रभावित होकर उसकी वास्तविक स्थिति जाने बगैर ही उसे भारी भरकम कर्ज दे दिया था। लेकिन जब कर्ज की अदायगी का समय आया,तब बैैंकों को पता चला कि अख्तर अली की वास्तविक आर्थिक स्थिति वैसी नहीं है,जैसी उसने दर्शाई थी।

अख्तर अली को कर्ज देने वालों में बैैंक आफ इण्डिया,स्टेट बैैंक आफ इण्डिया,एचडीएफसी बैैंक इत्यादि कई बैैंके शामिल थी। बैैंक आफ इण्डिया ने अख्तर अली के आलीशान मकान और जमीन को बंधक रखकर कर्ज दिया था। कर्ज की अदायगी न होने पर बैैंक उसके मकान और जमीन को जब्त कर चुकी है और अब बैैंक इन सम्पत्तियों को बेच कर अपनी रकम वसूलने के प्रयासों में जुटी है।

इतना ही नहीं,अख्तर अली और उसके परिजनों ने शहर के एक अन्य व्यवसायी विजय कटारिया के साथ भी जमीन के नाम पर धोखाधडी की थी। इस मामले में पुलिस ने अख्तर अली के साथ उसके दो भाईयों और दो बहनों के खिलाफ धोखाधडी का आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किया है। 

लेकिन अब ये पूरा मामला नया मोड लेता हुआ नजर आ रहा है। रतलाम में हुए इस बैैंक घोटाले पर रिजर्व बैैंक आफ इण्डिया ने संज्ञान लेते हुए सीबीआई को इस मामले की जांच करने को कहा है। बैैंक के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक बीते दिनों में सीबीआई ने सभी सम्बन्धित बैैंको से अख्तर अली से सम्बन्धित तमाम दस्तावेजों की मांग की है,ताकि अख्तर अली द्वारा किए गए घोटाले की विस्तृत जांच की जा सके। सीबीआई प्रारंभिक जांच के बाद इस मामले में एफआईआर भी दर्ज कर सकती है।

अब तक गिरफ्तारी नहीं
अख्तर अली और उसके भाई बहनों के खिलाफ स्टेशनरोड पुलिस थाने पर दर्ज धोखाधडी के प्रकरण में अब तक पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। एफआईआर होने का बाद से ही अख्तर अली और उसके परिजन भूमिगत हो गए है। यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि अख्तर अली देश छोडकर ही जा चुका है। सैकडों करोड की धोखाधडी को अंजाम देने वाले अख्तर अली की गिरफ्तारी ना होने से पुलिस की कार्यक्षमता पर प्रश्नचिन्ह लग रहे है।