रतलाम / फोटोशूट करा रहे युवक-युवती का वीडियो बनाकर अभद्रता, रंगदारी मांगने का मामला दर्ज
रतलाम, 12 अक्टूबर(इ खबर टुडे)। बडायला चौरासी क्षेत्र में फोटोशूट कराने गए एक युवक और युवती को रोककर अभद्रता करने, वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर 80 हजार रुपये की अड़ीबाजी (रंगदारी) मांगने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 3 अक्टूबर को शाम करीब 4 बजे वह अपने दोस्त आफरsource रायन के साथ बडायला चौरासी में फोटोशूट कराने गई थी। इसी दौरान वहां अशोक कपासिया (निवासी चौरासी बडायला) नामक व्यक्ति आया। उसने दोनों से पूछताछ करते हुए अपने मोबाइल से उनका फोटो व वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
जब पीड़िता ने वीडियो बनाने से मना किया, तो आरोपी ने वीडियो डिलीट करने के एवज में 200 रुपये की मांग की और अश्लील बातें कीं। डर के कारण पीड़िता ने आरोपी अशोक को 200 रुपये दे दिए।
80 हजार रुपये की मांगी रंगदारी
घटना के कुछ देर बाद पीड़िता के दोस्त के मोबाइल पर उसके भाई आफताब का फोन आया। उसने बताया कि वसीम नाम के व्यक्ति का फोन आया था और उसने एक वीडियो भेजा है, जिसमें युवती और उसका दोस्त दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो डिलीट करने के नाम पर आरोपी वसीम द्वारा 80,000 (अस्सी हजार) रुपये की मांग की जा रही है। रुपये न देने पर वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई है।
थाने पहुंची पीड़िता, मामला दर्ज
घटना के बाद पीड़िता ने अपनी माता राबिया को पूरी बात बताई और थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।