{"vars":{"id": "115716:4925"}}

शराब दुकान के मैनेजर का रास्ता रोककर मारपीट, हफ्तेदारी और फ्री शराब की मांग पर केस दर्ज

 

 

रतलाम,03 अगस्त (इ खबर टुडे)।​ बिलपांक थाना क्षैत्र अंतर्गत ग्राम पलाश स्थित लाइसेंसी शराब दुकान के मैनेजर के साथ मुंडदी चौराहे पर रास्ता रोककर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​फरियादी (बामनिया थाना पेटलावद निवासी) ने बिलपांक थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वह ग्राम पलाश में पीयूष जायसवाल की देशी-विदेशी कंपोजिट शराब की दुकान पर बतौर मैनेजर कार्यरत है। ​बीते दिन रविवार रात करीब 8 बजे जब फरियादी अपनी कार से मुंडदी से कलमोंडा की ओर जा रहा था, तभी मुंडदी चौराहे पर मुकेश टांक (निवासी मुंडदी) ने अचानक कार के आगे आकर उसका रास्ता रोक लिया।

​रंगदारी और हफ्तेदारी की मांग
​शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उसने कार का कांच खोलकर रास्ता रोकने का कारण पूछा, तो आरोपी गाली-गलौज पर उतारू हो गया। आरोपी मुकेश टांक ने धमकी देते हुए कहा कि यदि पलाश में शराब की दुकान चलानी है, तो उसे हर हफ्ते 10,000 की रंगदारी/हफ्तेदारी देनी होगी और रोजाना मुफ्त में शराब पिलानी पड़ेगी। ​जब मैनेजर ने हफ्तेदारी और फ्री शराब देने से साफ इंकार कर दिया, तो आरोपी ने उसके साथ हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी।

​घटना के दौरान चौराहे पर मौजूद विपिन शर्मा, सोहन डामर और महेश पाटीदार ने बीच-बचाव कर फरियादी को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद आरोपी मुकेश टांक फरियादी को धमकी देते हुए मौके से भाग गया कि "यदि हर हफ्ते रुपये और फ्री शराब नहीं दी, तो तुझे जान से खत्म कर दूंगा।"

​घटना के बाद पीड़ित ने प्रत्यक्षदर्शियों के साथ बिलपांक पुलिस थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।