रतलाम / जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशू निनामा सहित तीन के खिलाफ प्रकरण दर्ज, शराब की दुकान बंद करने का मामला
रतलाम, 22 मार्च (इ खबर टुडे)। जिले के शिवगढ़ में करीब एक सप्ताह पूर्व शराब की दूकान को बंद कर ताला लगाने के मामले में पुलिस ने आखिरकार जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशू निनामा सहित तीन लोगो पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। आबकारी विभाग की शिकायत पर कार्यवाही हुई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक सप्ताह पूर्व 15 मार्च की शाम को ग्राम शिवगढ़ की शराब दूकान पर आपसी विवाद होने के बाद देर शाम जिला उपाध्यक्ष केशू निनामा अपने समर्थको के साथ दूकान पर पहुंचे और दूकान पर काम करने वाले बाहरी व्यक्तियों द्वारा विवाद करने का आरोप लगाकर शराब दूकान को बंद करते हुए दो ताले जड़ दिए। सूचना मिलते ही शिवगढ़ थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। आधे घंटे दुकान बंद रहने के बाद पुलिस द्वारा समझाइश देने के बाद दुकान का ताला खुला और विवाद को सुलझाया।
आबकारी विभाग के उपनिरीक्षक चेतन वेद शिवगढ़ थाना पहुंचे और लाइसेंस धारी कम्पोजिट शराब दुकान को बिना अनुमति के आधे घंटे बंद कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जिला उपाध्यक्ष केशु निनामा सहित साथियों पर धारा 126(2), 127(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।