{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 हनुमान रुडी क्षेत्र में महिला को बंधक बनाने व बच्चे को बाथरूम में फेंकने का मामला: लूट की कहानी पर संदेह, गायब मोबाइल भी घर में ही मिला

 

 

रतलाम, 01 जुलाई (इ खबर टुडे)। माणक चौक थाना क्षेत्र के हनुमान रुडी के पीछे दो दिन पूर्व हुई कथित सनसनीखेज लूट और हमले का मामला पूरी तरह संदेह के घेरे में आ गया है। पुलिस की शुरुआती जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद घटना संदेहास्पद नजर आ रही है। इस मामले में एक नया मोड़ तब आया जब लूटा गया मोबाइल फोन अगले ही दिन घर से ही बरामद हो गया। पुलिस इस पूरे मामले की बारीकी से तहकीकात कर रही है और जल्द ही इसका आधिकारिक खुलासा कर सकती है।

​उल्लेखनीय है कि सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि हनुमान रुडी के पीछे नाइयों का मोहल्ला स्थित एक मकान की पहली मंजिल पर दो अज्ञात बदमाश घुसे। आरोप था कि बदमाशों ने लूट के इरादे से 4 माह के मासूम बच्चे काव्य को बाथरूम में फेंक दिया और उसकी मां मोनिका पति संजय सोलंकी (सेन) को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, पीड़िता की चोटी काटने और घर से मोबाइल सहित कुछ सामान लूटने की बात भी सामने आई थी। दिनदहाड़े हुई इस कथित वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई थी।

तीन बिंदुओं से गहराया संदेह, घर से मिला मोबाइल 
वारदात के बाद पीड़िता के परिवार ने पुलिस को बताया था कि बदमाश एक मोबाइल फोन भी लूट कर ले गए हैं। लेकिन घटना के अगले ही दिन महिला के पति संजय सोलंकी ने पुलिस को सूचना दी कि गायब हुआ मोबाइल फोन घर के अंदर ही मिल गया है।

​सीसीटीवी में नहीं दिखा कोई संदिग्ध
पुलिस ने पिछले दो दिनों में गली और आसपास के क्षेत्रों में लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। कई घंटों की रिकॉर्डिंग देखने के बाद भी किसी भी अज्ञात या संदिग्ध व्यक्ति का घर में घुसना या गली से आना-जाना नहीं पाया गया है।

​परिजनों को भी नहीं हुई भनक 
सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता के परिवार ने खुद पुलिस को बताया है कि घटना के वक्त घर की ही एक अन्य महिला नीचे मुख्य दरवाजे पर बैठी हुई थी। पूरी वारदात पहली मंजिल पर होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन नीचे बैठी महिला को किसी भी व्यक्ति के ऊपर जाने या किसी तरह की हलचल की भनक तक नहीं लगी।

​जल्द होगा खुलासा
​मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए माणक चौक थाना प्रभारी विक्रम चौहान हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रहे है। सीसीटीवी फुटेज और बयानों में आ रहे विरोधाभास के बाद अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कहीं यह पूरी कहानी किसी पारिवारिक या व्यक्तिगत वजह से मनगढ़ंत तो नहीं रची गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच अंतिम दौर में है और जल्द ही इस पूरे मामले की सच्चाई सबके सामने रख दी जाएगी।