रतलाम / शासकीय भूमि के विवाद में 17 वर्षीय किशोर की हत्या का मामला, मुख्य आरोपी समेत पांच गिरफ्तार
रतलाम, 29जुलाई(इ खबर टुडे)। थाना बाजना अंतर्गत ग्राम कागलीखोरा में वन विभाग की शासकीय भूमि पर कब्जे को लेकर हुए दो पक्षों के खूनी संघर्ष में एक 17 वर्षीय किशोर की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के मुख्य आरोपी सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते दिन मंगलवार को ग्राम कागलीखोरा में वन भूमि को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद गहरा गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि हमलावरों ने 17 वर्षीय लक्ष्मण (पिता बहादुर मचार) पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल लक्ष्मण की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के पिता बहादुर मचार की शिकायत पर बाजना पुलिस ने अपराध क्रमांक 449/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 191(2), 191(3), और 296(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज किया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रतलाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एएसपी राकेश पंद्रो और एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल के मार्गदर्शन में बाजना थाना प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्र दंडोतिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश देते हुए मुख्य आरोपी रमेश पिता रावजी मचार (32) को उसके 4 अन्य साथी ज्योतिलाल उर्फ जोतिया मचार (19 वर्ष), विकास मचार (23 वर्ष), राजू मचार (22 वर्ष), मोहन मचार (52 वर्ष) सभी निवासी: ग्राम कागलीखोरा, थाना बाजना के साथ दबोच लिया।
थाना प्रभारी रवीन्द्र दंडोतिया ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल चाकू जब्त कर लिया गया है। मामले में शामिल अन्य संदिग्धों और तथ्यों की जांच जारी है।
इस त्वरित सफलता में निरीक्षक रवीन्द्र दंडोतिया, उप-निरीक्षक योगेश निनामा, उप-निरीक्षक रामसिंह खपेड़, आरक्षक सनी मइडा, कृष्णपाल सिंह, दरबार कमलेश हारी और मनीष पाटीदार की सराहनीय भूमिका रही।