{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम / फर्जी दस्तावेज व जाली दस्तखत से कार पर लिया लोन, RTO में भी बदलवा दिया नाम; तीन के खिलाफ शिकायत दर्ज

 

 

​रतलाम, 01 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। फर्जी दस्तावेज और जाली हस्ताक्षर तैयार कर एक व्यक्ति के वाहन पर अवैध रूप से लोन लेने तथा उसे धोखाधड़ी से दूसरे व्यक्ति के नाम रजिस्टर्ड कराने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित ने पुलिस थाना औद्योगिक क्षेत्र (इंडस्ट्रियल एरिया) में आवेदन देकर निष्पक्ष जांच व आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार राजबाग कॉलोनी, रतलाम निवासी गोपाल सूर्यवंशी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पास होंडा WR-V कार (रजिस्ट्रेशन नंबर MP 43 CB 1780) है, जो उनके स्वामित्व और उपयोग में है। जब उन्होंने वाहन के आरटीओ ट्रांसफर संबंधी जानकारी जुटाई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। रिकॉर्ड में यह कार उनके नाम पर न होकर रवीना मैथ्यूस के नाम पर दर्ज मिली और इस पर पीरामल फाइनेंस लिमिटेड से लोन लिया दर्शाया गया था।

​फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों से मिलीभगत का आरोप
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने न तो कार पर कोई लोन लिया था और न ही किसी को वाहन बेचने के लिए सहमति या दस्तखत किए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत छपरी, रवीना मैथ्यूस तथा पीरामल फाइनेंस लिमिटेड के कर्मचारियों ने आपस में मिलीभगत कर फर्जी हस्ताक्षर व जाली दस्तावेज तैयार किए। इसके आधार पर लोन मंजूर कराया गया और आरटीओ कार्यालय देवास के जरिए वाहन धोखाधड़ी से हेमंत छपरी के नाम रजिस्टर्ड करवा लिया गया।

​कार अभी भी पीड़ित के कब्जे में
पीड़ित गोपाल सूर्यवंशी का कहना है कि कार वर्तमान में भी उनके कब्जे में है और वे ही इसका नियमित उपयोग कर रहे हैं। गाड़ी पास में होने के बावजूद कागजों में यह फर्जीवाड़ा कर दिया गया। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।