{"vars":{"id": "115716:4925"}}

दर्दनाक हादसा: इंदौर-रतलाम फोरलेन पर कार डिवाइडर से टकराई, बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर और उनके ससुर की मौत

 

 

​रतलाम,13जुलाई(इ खबर टुडे)। इंदौर-रतलाम फोरलेन पर रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें रतलाम बाल चिकित्सालय के एक वरिष्ठ डॉक्टर और उनके ससुर की मौत हो गई। घटना रतलाम जिले के बिलपांक थाना क्षेत्र के धराड़ हाईवे की है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।

​जानकारी के अनुसार, रतलाम बाल चिकित्सालय में बाल रोग विशेषज्ञ के रूप में पदस्थ डॉ. मनीष सिंह अपने परिवार के साथ भोपाल से रतलाम लौट रहे थे। देर रात करीब 2:00 से 3:30 बजे के बीच, जब उनका वाहन टोल नाके के समीप छोटी पुलिया के पास पहुंचा, तो कार अचानक अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित होकर वाहन पहले डिवाइडर से टकराया और फिर पुलिया की दीवार में जा घुसा।

​इलाज के दौरान तोड़ा दम
​घटना की सूचना मिलते ही टोल नाके की एम्बुलेंस और बिलपांक थाने के सहायक उपनिरीक्षक समसु गरवाल अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस और टोल कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तुरंत रतलाम मेडिकल कॉलेज भिजवाया। उपचार के दौरान डॉ. मनीष सिंह और उनके 80 वर्षीय ससुर शिवनारायण की मौत हो गई।

​हादसे में छह लोग घायल
​इस दर्दनाक हादसे में परिवार के छह अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। घायलों में डॉ. मनीष सिंह का 7 वर्षीय पुत्र राइवा, ​पुत्री सवया, ​पत्नी गौमती (39 वर्ष), ​लवली (42 वर्ष), ​अनुज (42 वर्ष) शामिल हैं। ​शिवनारायण (80 वर्ष - जिनकी बाद में मौत हो गई।

​ड्राइवर को झपकी आने से हुआ हादसा
​प्रारंभिक जांच और पुलिस के अनुसार, दुर्घटना का मुख्य कारण कार चालक को अचानक झपकी आना बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि कार मृतक चिकित्सक डॉ. मनीष सिंह के साढू अजय चला रहे थे। सीट बेल्ट लगा होने के कारण चालक अजय इस भीषण हादसे में सुरक्षित बच गए हैं। फिलहाल बिलपांक थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।