{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग पर भीषण हादसा: पुलिया के नीचे कार गिरने से व्यापारी की मौत, पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल

​मन्नत के कार्यक्रम में शामिल होकर रतलाम से लौट रहा था परिवार, सरवन में है कॉस्मेटिक की दुकान
 

​मन्नत के कार्यक्रम में शामिल होकर रतलाम से लौट रहा था परिवार, सरवन में है कॉस्मेटिक की दुकान

रतलाम, 18 मई (इ खबर टुडे)। रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक अनियंत्रित कार पुलिया के नीचे गिर जाने से कार चालक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहगीरों व परिजनों की मदद से सभी घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज भिजवाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरवन निवासी गोपाल (35) पिता रमेशचंद्र टांक, रविवार को अपनी पत्नी ललिता टांक (33) और दो बच्चों कृष (7) व मोक्षित (4) के साथ किसी मन्नत के कार्यक्रम में शामिल होने रतलाम आए थे। रात को पूरा परिवार अपनी कार (क्रमांक MP43ZH2273) से वापस सरवन लौट रहा था। इसी दौरान रात करीब 9:30 बजे माही ढाबे के पास पुलिया वाले मोड़ पर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे पुलिया के नीचे जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

​मेडिकल कॉलेज में युवक को घोषित किया मृत
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण, राहगीर और पीछे से आ रहे परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से रतलाम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद गोपाल टांक को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल पत्नी ललिता और दोनों बच्चों का उपचार जारी है।

​सरवन में शोक की लहर
मृतक गोपाल टांक की सरवन में ही कॉस्मेटिक की दुकान है। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।