{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम / फोरलेन पर बस-बाइक की भिड़ंत, युवक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

​हादसे से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने एम्बुलेंस सड़क पर खड़ी कर लगाया चक्काजाम
 

​रतलाम, 15 मई (इ खबर टुडे)। नामली थाना क्षेत्र अंतर्गत फोरलेन हाईवे पर गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह शव को एम्बुलेंस में रखकर फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश और आश्वासन के बाद करीब एक घंटे बाद जाम खुल सका।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़ौदा निवासी कन्हैयालाल (27) पिता बसंतीलाल और सुखराम (25) पिता भगवान लाल, दोनों ढोल बजाने का काम करते थे। गुरुवार रात करीब 9 बजे दोनों नामली से अपनी मोटरसाइकिल द्वारा वापस अपने गांव बड़ौदा लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ौदा फटे पर एक तेज रफ्तार मीनाक्षी बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि कन्हैयालाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सुखराम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहाँ उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अहमदाबाद रेफर कर दिया है।

​स्पीड ब्रेकर और मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम
​घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आज (शुक्रवार) सुबह मृतक कन्हैयालाल के शव को एम्बुलेंस में रखकर बड़ौदा फटे पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि ​बड़ौदा फटा होने के बावजूद रोड पर न तो कोई स्पीड ब्रेकर बनाया गया है और न ही कोई सांकेतिक बोर्ड (निशान) लगाया गया है, जिससे आए दिन हादसे होते हैं। ​ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा राशि देने और घायल युवक के इलाज की मांग प्रशासन के सामने रखी।

​अधिकारियों ने दी समझाइश
​चक्काजाम की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसडीएम विवेक सोनकर और एसडीओपी किशोर पाटनवाला भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से चर्चा की। प्रशासन द्वारा उचित मुआवजा दिलाने और गति अवरोधक (स्पीड ब्रेकर) व संकेतिक बोर्ड लगवाने का लिखित/मौखिक आश्वासन दिए जाने के बाद, करीब एक घंटे से जारी चक्काजाम को समाप्त किया गया।