रतलाम / सात दिन में नकबजनी का खुलासा, 12 लाख की चांदी व 72 हजार नकद बरामद, दो गिरफ्तार व दो नाबालिग अभिरक्षा में
रतलाम, 21 नवंबर (इ खबर टुडे)। स्टेशन रोड थाना पुलिस ने दुकान में हुई नकबजनी की वारदात का सात दिन में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और दो विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 12 लाख रुपये मूल्य की तीन किलो चांदी की ज्वेलरी, 72 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार महू रोड स्थित लावण्या पैलेस के सामने 'डिजाइन सरमाईका सेनेटरी' की दुकान में ऑनलाइन चांदी का व्यापार भी किया जाता है। फरियादी हर्षल गांधी (24) ने 14 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 नवंबर की शाम दुकान बंद करने के बाद अगले दिन सुबह कैबिन में सामान बिखरा मिला तथा चांदी की ज्वेलरी के दो बॉक्स, तिजोरी, 3.48 लाख रुपये नकद, कार्ड व अन्य दस्तावेज गायब थे। सीसीटीवी फुटेज में दो नकाबपोश रात करीब 2:45 बजे चोरी करते दिखे थे। वारदात के बाद पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया गया था।
एसपी अमित कुमार, एएसपी राकेश पंद्रो व विवेक कुमार लाल तथा सीएसपी सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन और स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में गठित टीम ने करीब 30 किलोमीटर के दायरे में 400 से 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और साइबर सेल व मुखबिर तंत्र की मदद ली। जांच में विरियाखेड़ी क्षेत्र में किराए से रह रहे संदिग्धों के नाम सामने आए, जो घटना के बाद से गायब थे।
20 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने विरियाखेड़ी क्षेत्र से राहुल गुण्डिया (23) निवासी ग्राम मरदानी (जिला झाबुआ) और राहुल बारिया (24) निवासी ग्राम पलसोडी (जिला रतलाम) को दो मोटरसाइकिलों (क्रमांक MP-43-ZA-7484 व MP-43-EG-9654) सहित पकड़ा तथा दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने नाबालिग साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। अन्य पहलुओं पर विवेचना जारी है। कार्रवाई में स्टेशन रोड पुलिस, साइबर सेल, सीसीआर, इंट्रोगेशन टीम और अन्य थानों व चौकियों के पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।