{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम : नकबजनी की वारदात का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार; 2.37 लाख का सामान व नगदी बरामद

 

 

रतलाम, 10 अगस्त (इ खबर टुडे)। जिले के जावरा शहर थाना पुलिस ने नकबजनी (चोरी) के एक मामले में तत्परता दिखाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में शामिल तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण और नगदी बरामद की है। बरामद कुल मशरूका (सामान) की कीमत लगभग 2 लाख 37 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार​ दस दिन पूर्व 1 अगस्त  को फरियादी शेख मोहम्मद (56 वर्ष), निवासी जनता कॉलोनी जावरा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 30-31 जुलाई की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने उनके घर की छत के दरवाजे का नकुचा तोड़कर सोने-चांदी के गहने और 50,000 रुपये नगद चुरा लिए हैं। शिकायत के आधार पर जावरा शहर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

​सीसीटीवी और तकनीकी सर्विलांस से मिले सुराग
​घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक युवराज सिंह चौहान व थाना प्रभारी जावरा शहर निरीक्षक दीपक कुमार मण्डलोई के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

​पुलिस टीम ने शहर के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ तकनीकी संसाधनों (साइबर सेल) का सहारा लिया। इसके आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया, जिन्होंने पूछताछ में चोरी की बात कबूल कर ली।

​गिरफ्तार आरोपी
​अब्बास अली पिता अहमद अली (33 वर्ष), निवासी महापुरा, जावरा
​शरीफ उर्फ शब्बू पिता वकील मेव (28 वर्ष), निवासी पठान टोली, जावरा
​अलीशान पिता मोहम्मद युसूफ (27 वर्ष), निवासी हाथीखाना, जावरा (जिला रतलाम)

बरामदगी
​सोने-चांदी के आभूषण: चैन, अंगूठी, पेंडल और पायल (अनुमानित कीमत ₹2,25,000)
​नगदी: ₹12,000 (शरीफ से ₹1,000, अब्बास से ₹1,000 और अलीशान से ₹10,000)
​वाहन: घटना में इस्तेमाल किया गया एक इलेक्ट्रिक ऑटो (अब्बास अली से जब्त)

​चोरी की वारदात का खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार मण्डलोई, उप-निरीक्षक राकेश मेहरा, सहायक उप-निरीक्षक सगीर खान, प्रधान आरक्षक जाकिर खान, मृदंग सातपुते, जगदीशचन्द्र, आरक्षक राजेश पंवार, नारायणसिंह, चेनराम पाटीदार, चन्द्रशेखर खटवड, संदीप, सुगड, रंजीत, महिपाल सिंह, मोहित और रतलाम साइबर सेल टीम की सराहनीय भूमिका रही।