सर्राफा व्यापारी लूट मामले का पर्दाफाश,व्यापारी से जुडे रहे कर्मचारियों ने दिया था वारदात को अंजाम
रतलाम,15 अगस्त(इ खबरटुडे)। स्वतंत्रता दिवस रतलाम पुलिस के लिए अच्छी खबर लेकर आया। गुरुवार को बडनगर से रतलाम आने के दौरान रतलाम के सर्राफा व्यवसाई अर्पित चोरडियां के साथ हुई लूट की वारदात को पुलिस ने लगभग सुलझा लिया है और इस मामले में लिप्त आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए भारी मात्रा में लूट का सोना भी बरामद कर लिया है।
हांलाकि अब तक पुलिस विभाग की ओर से कोई अधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है,लेकिन पुलिस अधिकारियों द्वारा इतना कहा गया है कि वारदात से जुडे अहम सुराग पुलिस के हाथ लग चुके है और जल्दी ही वारदात का पूरा खुलासा कर दिया जाएगा।
दूसरी ओर इ खबरटुडे को मिली विश्वस्त सूत्रों की जानकारी के मुताबिक पुलिस लूट में शामिल आरोपियों को गिरफ्त में ले चुकी है और भारी मात्रा में लूटा गया सोना भी बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक लूट की इस वारदात में सर्राफा व्यापारी से पूर्व जुडे रहे कर्मचारी शामिल थे और उन्होने ही इस षडयंत्र को बुना था। व्यापारी से लूटा गया सोना एक चाय की दुकान चलाने वाले के पास पंहुचा दिया गया था,जिसे पुलिस द्वारा बरामद कर लिया गया है। वारदात में लगभग छ: आरोपी शामिल थे,जिन्हे पुलिस गिरफ्त में ले चुकी है। पुलिस ने आज इस वारदात के सम्बन्ध में चांदनी चौक में गणेश माार्केट समेत कई स्थानों पर जांच पडताल भी की थी और कई लोगों से पूछताछ भी की थी।
पुलिस विभाग के सूत्रों के मुताबिक रविवार को पुलिस इस मामले का खुलासा करने की तैयारी में हैैं।