{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 सीसीटीवी फुटेज और पोस्टरों की मदद से मिली सफलता: हुसैन टेकरी से लापता तीनों बच्चे मुंबई में मिले सकुशल

 

 

रतलाम, 22 अगस्त (इ खबर टुडे)। जिले के जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने हुसैन टेकरी स्थित बड़े रोजे के पास से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुए तीन नाबालिग बच्चों को सकुशल ढूंढ निकाला है। लगभग 16 दिनों से लापता इन बच्चों का सुराग मुंबई के माटुंगा स्थित चिल्ड्रन्स होम से मिला, जिसके बाद पुलिस टीम ने कागजी औपचारिकताएं पूरी कर बच्चों को परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामला 4 अगस्त 2026 का है, जब हुसैन टेकरी क्षेत्र से 14 वर्षीय बालिका, 12 वर्षीय बालक और 3 साल की एक बच्ची अचानक गायब हो गए थे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 431/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने जावरा, रतलाम, इंदौर, मंदसौर, नीमच और चित्तौड़गढ़ सहित कई रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के विश्लेषण से पता चला कि बच्चे पैदल ढोढर पहुंचे थे और वहां से ट्रेन पकड़कर अजमेर की ओर रवाना हो गए थे।

सोशल मीडिया और पोस्टरों ने दिखाई राह
पुलिस ने बच्चों की खोजबीन के लिए रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक स्थानों पर फोटोयुक्त पोस्टर-पेम्पलेट लगाए, साथ ही सोशल मीडिया पर भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया। 20 अगस्त 2026 को माटुंगा रोड (मुंबई) स्थित 'डेविड ससून चिल्ड्रन्स होम/बाल कल्याण समिति' से सूचना मिली कि तीनों बच्चे उनकी अभिरक्षा में सुरक्षित हैं।

जावरा लाई पुलिस, पूछताछ जारी
सूचना की पुष्टि होते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जावरा पुलिस की टीम फरियादिया के साथ मुंबई पहुंची। कानूनी प्रक्रिया पूरी कर तीनों बच्चों को सकुशल दस्तयाब कर जावरा लाया गया। फिलहाल पुलिस बच्चों के अलग-अलग बयान दर्ज कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे किन परिस्थितियों में वहां तक पहुंचे।

सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में डीएसपी प्रकाश, उप निरीक्षक कन्हैया अवास्या, एएसआई नरेश पाण्डे, प्रधान आरक्षक विदेश व बद्रीलाल, तथा आरक्षक कमलेश, गोविंद, मनोज और महिला आरक्षक रिंकू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।