{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 भाजपा कार्यालय ईंट पत्थर का ढांचा नहीं, संगठन की आत्मा

 47 वें स्थापना दिवस पर समारोह पूर्वक हुआ नवीन भवन निर्माण का शुभारंभ
 
 घर-घर पार्टी ध्वज फहराकर भाजपा ने मनाया स्थापना दिवस
 

रतलाम, 06 अप्रैल(इ खबर टुडे)। भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस कार्यकर्ताओं ने उत्साह एवं उल्लास से मनाया। इस दिन घर-घर पार्टी का ध्वज फहराया गया। रतलाम सहित प्रदेश के 18 जिलों में नवीन कार्यालय निर्माण के कार्य का समारोहपूर्वक शुभारंभ हुआ। रतलाम के प्रताप नगर क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप, विधायकद्वय डॉ राजेन्द्र पांडेय व मथुरालाल डामर की उपस्थिति में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने यंत्र पूजा कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस दौरान जिला प्रभारी विवेक जोशी, महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा सहित पार्टी के समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजपा के नवीन कार्यालय भवन निर्माण के शुभारंभ समारोह का भोपाल से सीधा प्रसारण भी किया गया। रतलाम में अतिथियों के साथ कार्यकर्ताओं ने भी यह प्रसारण देखा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित समस्त वक्ताओं का उद्बोधन सुना। उन्होंने भाजपा कार्यालय को ईंट पत्थर का ढांचा नहीं अपितु संगठन की आत्मा निरूपित किया।

रतलाम में समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि सन 1980 में अभावों के बीच स्थापित भारतीय जनता पार्टी आज एक वट वृक्ष के रूप में विस्तारित होकर देश ही नहीं दुनिया में अपना परचम फहरा रही है। यह कार्यकर्ताओं की मेहनत, त्याग, सहनशीलता और समर्पण का परिणाम है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल, भाजपा जिला कार्यालय भवन निर्माण के लिए 1 वर्ष का लक्ष्य रखा है। आज स्थापना दिवस पर इसके निर्माण कार्य का शुभारंभ हो रहा है और अगले स्थापना दिवस पर इसका लोकार्पण करना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितीन नवीन एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का गौरव बड़ रहा है। भाजपा भी युवाओं के साथ नये स्वरुप में निखर रही है।

जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि भाजपा की स्थापना के समय अटलजी ने अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा के जो सूत्र दिए थे, वे आज चरितार्थ हो चुके हैं। भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के साथ काम कर हर वर्ग से जुड़ी हुई है। कार्यकर्ताओं का मनोबल ही भाजपा की असली ताकत है और उम्मीद है कि नया कार्यालय मनोबल बढ़ाने में मददगार होगा। ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर ने कहा कि भाजपा को पहले ग्रामीण क्षेत्रों में प्रवेश नहीं मिलता था, लेकिन आज देश और दुनिया में उसी की चर्चा हो रही है। कार्यकर्ता होने के नाते यह हम सब के लिए गौरव की बात है। जिला प्रभारी विवेक जोशी ने विश्वास जताया कि भाजपा का नया कार्यालय भवन 1 वर्ष में बन जाएगा और अगला स्थापना दिवस पार्टी उसी में मनाएगी।

आरंभ में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने स्वागत भाषण देते हुए पार्टी के इतिहास, संघर्ष और सफलता पर प्रकाश डाला। अतिथियों का स्वागत पार्टी पदाधिकारियों ने किया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री जयवंत कोठारी ने किया। आभार महामंत्री महेश सोनी ने माना। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष ईश्वरलाल पाटीदार, राजेन्द्र सिंह लुनेरा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशा मौर्य, निमिष व्यास सहित भाजपा के प्रदेश, जिला, मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्याकर्तागण उपस्थित रहे।

प्रताप नगर में अंडरब्रिज बनेगा
भाजपा के जिला कार्यालय भवन के निर्माण कार्य शुभारंभ समारोह में कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से अंडरब्रिज की मांग रही है। अब  प्रताप नगर क्षेत्र में कार्यालय पहुंच मार्ग पर अंडरब्रिज की स्वीकृति भी हो गई है इससे क्षेत्रवासियों के साथ सबको आवागमन में सुविधा होगी।