{"vars":{"id": "115716:4925"}}

भाजपा नेता व किराना व्यवसायी ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट में लिखा- 'मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं'

 

 

​रतलाम, 06 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। जिले के कालूखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मावता में मंगलवार को एक दुखद घटना सामने आई। स्थानीय किराना व्यापारी और भाजपा नेता कपिल जायसवाल (44) ने अज्ञात कारणों के चलते आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

मामले की जानकारी देते हुए मावता चौकी प्रभारी दिनेश राठौर ने बताया कि घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। पत्र में मृतक ने अपनी मर्जी से यह आत्मघाती कदम उठाने की बात लिखी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनकी मौत के लिए किसी भी व्यक्ति को जिम्मेदार न ठहराया जाए और न ही इस संबंध में किसी के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई की जाए।

​क्षेत्र में शोक की लहर
मृतक कपिल जायसवाल लंबे समय से गांव में किराना व्यवसाय चला रहे थे। इससे पूर्व वे एक ढाबा भी संचालित करते थे। वे अपने पीछे पत्नी, बच्चे, बड़े भाई और माता-पिता सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस अचानक हुई दुखद घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छा गई है।

​पुलिस जांच में जुटी
कालूखेड़ा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही आत्महत्या के संभावित कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।