चौडीकरण कार्य में सुस्ती : भोपाल की बिलीफ बिल्डकान काली सूची में डली
उज्जैन,19 फरवरी (इ खबर टुडे / ब्रजेश परमार)। शहर में चौडीकरण के कामों को सुस्ती से कर रही भोपाल की बिलीफ बिल्डकान पर आयुक्त नगर निगम अभिलाष मिश्रा ने सख्ती की है। मंछामन से गधापुलिया चौडीकरण में कंपनी को अगले तीन सालों के लिए ब्लेक लिस्ट कर दिया गया है। कंपनी के पास नगर निगम के 6 एवं स्मार्ट सिटी का एक निर्माण कार्य का ठेका वर्तमान में है।
शहर की सात सड़कों का चौड़ीकरण कर रही भोपाल की बिलीफ बिल्डकॉन कंपनी कर रही है। बकौल आयुक्त श्री मिश्रा कंपनी को तीन साल के लिए नगरनिगम से ब्लैक लिस्ट किया है। इस दौरान कंपनी उज्जैन नगरनिगम से कोई नया काम नहीं ले सकेगी। इसके साथ ही कंपनी का ठेका भी टर्मिनेट कर दिया है। कंपनी के पास शहर में चौडीकरण के कोयला फाटक-गोपाल मंदिर, वीडी मार्केट-ढाबारोड,देवासरोड-संकुलभवन-विक्रमनगर,एमआर 4 से एमआर 21,गाड़ी अड्डा-बियाबानी मार्ग का काम है। कंपनी के अनुबंध पत्र के सेक्शन 3 (जी.सी.सी) में उल्लेखित उपनियम 27 के तहत लापरवाही बरतने एवं अनावश्यक विलंब करने पर बिलीफ बिल्डकान की बैंक गारंटी / सिक्युरिटी डिपाजिट राशि राजसात की है। इस सड़क कार्य के निर्माण से कंपनी को टर्मिनेट कर दिया है।
18 माह का काम 23 में भी नहीं हुआ
निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने यह कार्रवाई कंपनी के गदापुलिया- मंछामन, इंदौर रोड सीमेंट कांक्रीट सड़क तथा नाला निर्माण कार्य को समय पर पूर्ण नहीं करने पर की है। विशेष निधि से यह सड़क बनाई जा रही है। इसके लिए बिलीफ बिल्डकॉन को 15 मार्च 2024 को वर्क आर्डर जारी किया गया था। कपंनी को 18 महीने में यह काम पूरा करना था लेकिन यह अवधि बीत जाने के बावजूद कंपनी ने काम पूरा नहीं किया। टाइमलाइन को लेकर कंपनी को नोटिस जारी किए गए और काम की प्रगति बढ़ाने के लिए लगातार शोकाज दिए गए। बावजूद इसके कंपनी ने दिलचस्पी नहीं ली। स्थल निरीक्षण, सिहंस्थ समीक्षा बैठक, ई-मेल, वाट्सएप एवं मौखिक तौर पर भी काम की गति तेज करने का कहा लेकिन सुधार नहीं किया। विभागीय सूचना पत्रों का संतोषजनक उत्तर भी प्रस्तुत नहीं किया। इसके चलते कड़ी कार्रवाई की गई है।