रतलाम / भाजपा जिलाध्यक्ष से 50 हजार की अवैध वसूली का प्रयास, फर्जी पत्रकार पर मामला दर्ज
रतलाम, 27 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय से जबरन अवैध वसूली करने और मीडिया में छवि धूमिल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी फर्जी पत्रकार के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना दो दिन पूर्व 24 अक्टूबर की शाम करीब 05:00 बजे की है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय पार्टी के कार्य से अपनी निजी गाड़ी से ड्राइवर और अन्य लोगों के साथ हाट रोड से गुजर रहे थे। जब उनकी गाड़ी हाट रोड पुलिया के पास पहुँची, तभी रतलाम निवासी मनोज शर्मा नामक व्यक्ति वहाँ आया।
रुपये न देने पर छवि धूमिल करने की धमकी
शिकायतकर्ता प्रदीप उपाध्याय ने पुलिस को बताया कि आरोपी मनोज शर्मा ने उनकी गाड़ी के पास आकर अवैध रूप से पैसों की मांग की. जब जिलाध्यक्ष ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने मीडिया में उल्टा-सीधा लिखकर उनकी छवि खराब करने की धमकी दी। आरोपी ने रंगदारी दिखाते हुए और ख्याति को क्षति पहुँचाने का भय दिखाकर 50,000 (पचास हजार) रुपये की अवैध वसूली की मांग की।
पुलिस ने दीनदयाल नगर थाने में दर्ज की FIR
जांच में सामने आया है कि आरोपी मनोज शर्मा खुद को पत्रकार बताता है, लेकिन वह किसी भी वैध मीडिया संस्थान से जुड़ा नहीं है। वह इस तरह अन्य लोगों को भी ब्लैकमेल कर पैसों की उगाही करता है।
शिकायत के आधार पर दीनदयाल नगर पुलिस थाने में बीते दिन सोमवार को आरोपी मनोज शर्मा के विरुद्ध मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आगे की वैधानिक जांच शुरू कर दी है।