{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम / आपसी विवाद में घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी; मामला दर्ज

 

 

रतलाम,16 जुलाई (इ खबर टुडे)। जिले के बिलपांक थाना अंतर्गत एक परिवार के साथ रंजिश और महिलाओं को लेकर उपजे विवाद में कुछ लोगों द्वारा घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट, तोड़फोड़ करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित आशीष पिता ईश्वरलाल 33 वर्षीय नि.ग्राम कुंआ झागरने बिलपांक थाने पर पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज करते हुए बताया की परिवार के सदस्य बाल मुकुन्द पाटीदार का गांव के ही कुछ लोगों के साथ विवाद चल रहा था। शिकायतकर्ता के अनुसार, कुछ दिन पहले गांव उण्डवा के कुछ लोग उनके घर आए और आरोप लगाया कि बाल मुकुन्द उनके समाज की महिला को लेकर भाग गया है। उन्होंने धमकी दी थी कि यदि उनकी महिला वापस नहीं आई, तो वे इसके बदले पीड़ित परिवार की बहू-बेटी को उठा ले जाएंगे।

घर पर बोला हमला, स्कूल के सामान में की तोड़फोड़
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि बीते दिन बुधवार शाम करीब 7:30 बजे जब वह अपनी मां और भतीजी के साथ घर पर मौजूद था, तभी आरोपी लाला गुर्जर, छोटू गुर्जर, देवा गुर्जर, पप्पू गुर्जर, कर्नल गुर्जर, बाबू गुर्जर ने गांव के अन्य लोगों को भड़काकर उनके घर पर धावा बोल दिया।

आरोपियों ने घर में घुसकर पीड़ित और उसकी मां के साथ अभद्र गाली-गलौज की। विरोध करने पर जान से मारने व घर-खेत पर कब्जा करने की धमकी दी। हंगामा करते हुए आरोपियों ने पीड़ित के मकान में किराए पर चल रहे 'सरस्वती शिशु मंदिर' स्कूल की टेबलों और अन्य सामानों में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे काफी नुकसान हुआ है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
हंगामे और शोर-शराबे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों (हरिओम पाटीदार, दिलीप पाटीदार, प्रतीक पाटीदार आदि) ने बीच-बचाव किया, जिन्हें देखकर आरोपी मौके से भाग निकले। पीड़ित ने ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश कर रही है।