{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 सराफा व्यापारी से लूट मामला: दोस्त के पास से मिला करीब 300-350 ग्राम सोना, पुलिस जांच में जुटी

 

​रतलाम, 14 अगस्त(इ खबर टुडे)। बिलपांक थाना क्षेत्र के रेनमऊ फंटे पर बस में सवार सराफा व्यापारी से हुई लूट की वारदात में एक नया और सनसनीखेज मोड़ सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रात में व्यापारी के एक दोस्त से करीब 300 से 350 ग्राम सोने की ज्वेलरी बरामद की है।

​जैन कॉलोनी निवासी सराफा व्यवसायी अर्पित चोरड़िया गुरुवार रात बड़नगर से व्यापारिक काम निपटाकर बस से रतलाम लौट रहे थे। शिकायत के अनुसार, बस में सवार पांच संदिग्धों ने रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच रेनमऊ फंटे पर बस रुकवाई और व्यापारी का सोने की ज्वेलरी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। शुरुआत में करीब 5 किलो सोने के आभूषण लूटे जाने की बात सामने आई थी।

​हालांकि, पुलिस जांच में बड़ा खुलासा तब हुआ जब आधिकृत सूत्रों/मुखबिर से सूचना मिली कि घटना के बाद व्यापारी ने धराड़ चौकी के पास अपने एक दोस्त को बुलाकर सोने की ज्वेलरी सौंपी थी। खास बात यह रही कि व्यापारी ने पुलिस को इसकी कोई जानकारी नहीं दी थी। पुलिस ने तुरंत दोस्त को थाने बुलाकर आभूषण बरामद किए।

​पुलिस की तफ्तीश और अहम सवाल
​सोना बरामद होने के बाद बिलपांक थाना प्रभारी और पुलिस टीम कई अहम सवालों के जवाब तलाशने में जुटी है। पुलिस यह छानबीन कर रही है कि जब बदमाशों ने व्यापारी से बैग छीन लिया था, तो दोस्त को दिया गया यह सोना किस बैग या स्थिति में बचा हुआ था। व्यापारी ने वारदात के बाद दोस्त को सोना सौंपने की बात पुलिस और शिकायत से क्यों छुपाई? व्यापारी वास्तव में बड़नगर से कितना सोना लेकर निकला था और उसके पास सोने की कुल मात्रा कितनी थी, इसकी पड़ताल की जा रही है।

​बड़नगर में पुलिस टीम, CCTV खंगालने में जुटी
​मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार, एएसपी विवेक कुमार, एसडीओपी किशोर पाटनवाला सहित पुलिस बल रात में ही मौके पर पहुँचा। पुलिस टीम बड़नगर में मौजूद है और वहां के व्यापारियों से लेन-देन की जानकारी लेने के साथ-साथ बस स्टैंड से लेकर रेनमऊ फंटे तक लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है।

​पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी एंगल्स से जांच जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश किया जाएगा।