{"vars":{"id": "115716:4925"}}

पोते के जन्मदिन पर दादा-दादी का अनुकरणीय कदम: महेंद्र कुमार एवं राजू बाला राठौड़ ने किया देहदान का संकल्प

44 वर्ष विद्युत मंडल में सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हुए महेंद्र कुमार राठौड़, मेडिकल कॉलेज ने परिचय पत्र देकर किया सम्मानित
 

​रतलाम,19 नवंबर (इ खबर टुडे)। परिवार में पोते का जन्मदिन खुशियां मनाने का अवसर था, लेकिन इस विशेष दिन को दादा-दादी ने समाजसेवा के एक प्रेरक संकल्प के साथ यादगार बना दिया। पोते परम रविंद्र राठौड़ के जन्मदिन पर दादा महेंद्र कुमार राठौड़ एवं दादी श्रीमती राजू बाला राठौड़ ने देहदान का संकल्प पत्र भरकर समाज को सेवा, समर्पण और संस्कारों का संदेश दिया।

​देहदान करने की इच्छा दंपति के मन में लंबे समय से थी। इसी कड़ी में पश्चिम क्षेत्र मध्य प्रदेश विद्युत मंडल में 44 वर्षों तक सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए महेंद्र कुमार राठौड़ ने काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सदस्य सुनील लाठी के माध्यम से संस्था के सचिव गोविंद काकानी से संपर्क कर घर आकर संकल्प पत्र भरवाने का आग्रह किया।

​इस पर सुनील लाठी एवं गोविंद काकानी देहदान संकल्प पत्र लेकर शिवधाम परिसर, रत्नेश्वर रोड स्थित राठौड़ परिवार के निवास पहुंचे। परिवार की सहमति और प्रसन्नतापूर्वक स्वीकृति मिलने के बाद महेंद्र कुमार राठौड़ एवं राजू बाला राठौड़ ने देहदान संकल्प पत्र भरा। इस अवसर पर उनके सुपुत्र रविंद्र, बहू आंचल, सुपुत्री पूजा राठौड़, नातिन गीतिका एवं चेष्टा तथा पोते परम की उपस्थिति रही।

​संकल्प पत्र भरने के बाद महेंद्र कुमार एवं राजू बाला राठौड़ भावुक हो उठे। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि देहदान करने की उनकी बरसों पुरानी इच्छा आज पूरी हुई है। पोते के जन्मदिन जैसे शुभ अवसर पर यह पुनीत कार्य कर पाना उनके लिए अत्यंत संतोष और खुशी का विषय है।

​संकल्प पत्र मेडिकल कॉलेज में जमा होने पर डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडे मेडिकल कॉलेज के मानव संरचना विभागाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र सिंगरौले एवं डीन डॉ. अनीता मुथा ने इस पहल की सराहना करते हुए दंपति का उत्साहवर्धन किया और उन्हें परिचय पत्र प्रदान किए।

​काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सचिव गोविंद काकानी ने बताया कि देहदान से प्राप्त शरीर मेडिकल विद्यार्थियों के अध्ययन एवं चिकित्सा शिक्षा में अहम योगदान देता है। यह संकल्प मृत्यु के बाद भी मानव सेवा से जुड़े रहने का अनुपम उदाहरण है।

​पोते परम के जन्मदिन पर दादा-दादी के इस प्रेरणादायी निर्णय से परिवार के अन्य सदस्यों ने भी प्रेरणा लेते हुए भविष्य में सामाजिक सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस तरह जन्मदिन का उत्सव केवल खुशियां मनाने तक सीमित न रहकर सेवा, संस्कार और मानवता का संदेश देने वाला यादगार अवसर बन गया।