{"vars":{"id": "115716:4925"}}

महामंडलेश्वर एवं महिला के एक दुसरे पर आरोप

बलात्कार , ब्लैकमेल की शिकायत, पुलिस जांच में
 
महिला का आरोप 10 दिन बीतने पर भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की

उज्जैन, 28 जुलाई (इ खबर टुडे / बृजेश परमार)। सिंहस्थ-28 के पूर्व संतों पर आरोप प्रत्यारोप का दौर देखने को मिल रहा है। निर्मोही अखाडा के महामंडलेश्वर एवं दादू आश्रम संचालक ज्ञानदास महाराज पर एक महिला ने बलात्कार का आरोप लगाया है। वहीं महामंडलेश्वर का कहना है कि महिला उन्हें ब्लैकमेल करते हुए 22 लाख की मांग कर रही है। महाकाल थाना पुलिस को दोनों ही पक्षों ने शिकायती आवेदन दिए हैं। थाना प्रभारी गगन बादल के अनुसार दोनों पक्षों की शिकायत और उसके साथ दिए गए तथ्यों पर जांच जारी है।

दादू आश्रम सदावल रोड से जुड़े महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज के विरूद्ध बलात्कार, मारपीट, धमकी और ब्लैकमेल करने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए महिला ने पुलिस को शिकायत की है। महिला का कहना है, शिकायत किए 10 दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। इसके बाद उसने गृह मंत्री, डीजीपी, आइजी और एसपी को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है। महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज का  शिकायत में कहना है कि महिला मुझे एक साल से ब्लैकमेल कर रही है।

खीर में नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया
महिला ने महाकाल थाना पुलिस को शिकायत की कि करीब डेढ़ वर्ष पहले उसकी मुलाकात दत्त अखाड़ा आश्रम में महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज से हुई थी। बातचीत के दौरान महाराज ने गौशाला और सामाजिक कार्यों में सहयोग की बात कही। इसके बाद वह उनके साथ सामाजिक गतिविधियों से जुड़ गई। महिला का दावा है, इसके लिए उसे मासिक वेतन दिया जाता था। 

महिला ने आरोप लगाया कि वर्ष 2025 की गुरु पूर्णिमा पर वह अपने भाई के साथ आश्रम पहुंची। सुबह से रात तक आश्रम में रहने के बाद जब उसने घर लौटने की बात कही तो महाराज ने कथित रूप से उसके भाई को घर भेजने और उसे स्वयं आश्रम में रुकने को कहा। महिला का कहना है, आश्रम में मौजूद दो महिलाओं ने भी उसे वहीं रुकने के लिए कहा। इसके बाद रात में उसे खीर खिलाई गई।

महिला का आरोप है कि खीर में चुप नशीला पदार्थ मिलाया गया। अगली तो सुबह जब उसकी आंख खुली वह नग्न अवस्था में थी। महिला का आरोप है कि उसके साथ बलात्कार किया गया। उसका कहना है कि विरोध करने पर महाराज ने कथित रूप से इसे गुरुदक्षिणा बताते हुए चूप रहने का दबाव बनाया। शिकायत के अनुसार, बाद में उसे जान से मारने की धमकी दी गई, मारपीट की गई और अश्लील वीडियो व फोटो दिखाकर डराया गया। यह भी कहा गया कि यदि कहीं शिकायत की तो उसे हनीट्रैप के मामले में फंसा दिया जाएगा। यहां तक की महाराज के पूर्व से शादी शुदा होने का प्रमाण की जानकारी भी दी गई है।

पिछले एक वर्ष से ब्लैकमेल कर रही
महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज की और से भी महिला के विरूद्ध महाकाल थाना पुलिस को शिकायत करते हुए बताया गया है कि महिला ने सोश्यल मिडिया पर स्वयं दोस्ती की । उसके बाद महिला धीरे-धीरे दबाव बनाते हुए पैसा लेती रही। अब 22 लाख की मांग करते हुए बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही है। इसे लेकर महाराज ने पुलिस को सोश्यल मिडिया के साक्ष्य भी दिए हैं। संत समाज की और से सामने आ रहा है कि महाराज राजस्थान से वर्षों पूर्व आए हैं। वर्ष 2016 सिंहस्थ के दौरान इन्हें महामंडलेश्वर की पदवी अखाडा प्रमुख राजेन्द्रदास जी महाराज ने दी थी।

दोनों शिकायतों के तथ्यों की जांच जारी
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल के अनुसार, मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायतें दी हैं। ज्ञानदास महाराज ने महिला पर ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए हैं, जबकि महिला ने बलात्कार, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की है। दोनों शिकायतों की जांच जारी है। यह बात भी सामने आई है कि ज्ञानदास महाराज ने आश्रम में रह रही एक अन्य महिला से शादी कर रखी है। इससे संबंधित दस्तावेज उन्होंने पुलिस को सौंपे हैं। संबंधित महिला आश्रम में उनके साथ रहती है।