अवैध स्थान पर स्टाम्प वेंडिंग का आरोप: मेडिकल कॉलेज के बाहर बिना अनुमति स्टाम्प और दस्तावेज बनाने की जिला पंजीयक से शिकायत
रतलाम, 01 सितम्बर (इ खबर टुडे)। शहर के पंजीकृत स्टाम्प वेंडर द्वारा अपने पंजीकृत कार्यालय के अतिरिक्त किसी अन्य अनधिकृत स्थान पर बैठकर स्टाम्प बेचने और दस्तावेज तैयार करने की गंभीर शिकायत जिला पंजीयक कार्यालय में दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता चन्दन दख ने मामले की निष्पक्ष जांच, मौके पर निरीक्षण और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, स्टाम्प वेंडर वीरेंद्र पितलिया का विभागीय रूप से पंजीकृत कार्यालय श्रीमालीवास (रतलाम) में स्थित है। आरोप है कि वे अपने निर्धारित स्थान पर कार्य करने के बजाय रतलाम मेडिकल कॉलेज के बाहर स्थित “मधुराम रेस्टोरेंट, डेली नीड्स के नीचे” बैठकर स्टाम्प, एफिडेविट, एग्रीमेंट और बॉन्ड आदि तैयार करने का काम कर रहे हैं।
शिकायत में उठाए गए मुद्दे
शिकायतकर्ता चन्दन दख ने लिखित शिकायत करते हुए पूछा कि वेंडर का लाइसेंस किस स्थान के लिए जारी किया गया है और उसकी वर्तमान स्थिति क्या है? क्या विभाग ने श्रीमालीवास के अलावा मेडिकल कॉलेज के पास रेस्टोरेंट में केंद्र चलाने की कोई लिखित अनुमति दी है? यदि हाँ, तो उसकी प्रति सार्वजनिक की जाए। गैर-अनुमोदित स्थान पर स्टाम्प और कानूनी दस्तावेजों का कार्य करना किन विभागीय प्रावधानों का उल्लंघन है? संबंधित स्थान पर अधिकारियों द्वारा अचानक स्थल निरीक्षण (सरप्राइज चेक) करवाकर वास्तविक स्थिति की पुष्टि की जाए।
नियमों के पालन की मांग
शिकायतकर्ता का कहना है कि शिकायत का मुख्य उद्देश्य स्टाम्प एवं पंजीयन विभाग के नियमों का पारदर्शी पालन सुनिश्चित कराना है। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित स्टाम्प वेंडर के विरुद्ध नियमानुसार उचित विभागीय कार्रवाई की जाए।