रतलाम / मिलावटी घी का बड़ा खुलासा: जब्त 1600 लीटर घी के सभी नमूने फेल
रतलाम, 06 अप्रैल (इ खबर टुडे)। जिले में मिलावट के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी सफलता हासिल की है। कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देश पर की गई कार्रवाई में जब्त किए गए करीब 1600 लीटर घी के सभी नमूने जांच में फेल पाए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 फरवरी को प्रशासन की टीम ने ग्लोबस सिटी स्थित महाकाल ट्रेडर्स पर छापामार कार्रवाई की थी। जांच के दौरान यहां सस्ते दामों पर घी की बिक्री की जा रही थी, जिस पर संदेह होने के बाद टीम ने कार्रवाई की।
जांच में सामने आया कि फर्म संचालक विक्रांत त्यागी ‘मदर बेस्ट’ और ‘यूपी फ्रेश’ ब्रांड का घी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) की मां वैष्णो देवी फूड प्रोडक्ट एवं रिद्धि ट्रेडिंग कंपनी से करीब 310 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीद रहा था। मौके पर ‘यूपी फ्रेश’ ब्रांड के घी पर खाद्य पदार्थ का नाम तक अंकित नहीं पाया गया, जो नियमों का उल्लंघन है।
टीम ने ‘मदर बेस्ट प्राइम क्वालिटी घी’, ‘गाय का घी’ और ‘यूपी फ्रेश क्वालिटी’ के कुल 9 नमूने एकत्रित किए थे। साथ ही करीब 1600 लीटर घी, जिसकी अनुमानित कीमत 6.30 लाख रुपये से अधिक है, जब्त कर सीलबंद किया गया था।
इन सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया था। जांच रिपोर्ट में सभी नमूने अवमानक (सब-स्टैंडर्ड) पाए गए और फेल घोषित किए गए हैं।
रिपोर्ट के आधार पर अब संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।