रतलाम / अधिकारियों के समस्त अवकाश आगामी आदेश तक प्रतिबंधित, दीपावली पर्व पर अग्नि सुरक्षा के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
रतलाम,19 अक्टूबर(इ खबर टुडे)। दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जिले के समस्त अनुविभागीय दण्डाधिकारी, कार्यपालिक दण्डाधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के समस्त अवकाश आगामी आदेश तक कलेक्टर मिशा सिंह द्वारा प्रतिबंधित किए गये है।
प्रतिबंधित आदेश में अधिकारियों को मुख्यालय पर रहने हेतु निर्देशित किया गया है। विशेष परिस्थितियों में कलेक्टर की पूर्व अनुमति लेकर ही अधिकारी मुख्यालय छोडेगे।
दीपावली पर्व पर अग्नि सुरक्षा के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने बताया कि आगामी दीपावली पर्व पर अग्नि सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए कार्यालय डिस्ट्रीक्ट कमाडेण्ट होमगार्ड रतलाम में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
कंट्रोल रूम की प्रभारी प्लाटून कमाण्डर, होमगार्ड विभाग श्रीमती ज्योति बघेल (मो.नंबर 7509631063) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कंट्रोल रूम जिला आपदा प्रबंधन, प्राधिकरण के अंतर्गत कार्यरत होकर 24 अक्टूबर तक निरंतर 24X7 (08-08 घण्टे) की शिफ्ट में सक्रिय रहेगा।