{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रतलाम में अखिल भारतीय सिंधी कवयित्री सम्मेलन भव्यता के साथ संपन्न
​​​​​​​

 
 

रतलाम, 09 मार्च (इ खबर टुडे)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को भारतीय सिंधु सभा, रतलाम के सहयोग से सिंधी साहित्य अकादमी (म.प्र. संस्कृति परिषद, भोपाल) द्वारा श्री गुरुनानक भवन, संत कंवरराम सिंधु नगर, विरियाखेड़ी रोड पर अखिल भारतीय सिंधी कवयित्री सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन, विशेषकर महिलाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे सभागार पूरी तरह भरा रहा।

यह संपूर्ण आयोजन महिला शक्ति को समर्पित रहा तथा विशेष बात यह रही कि कार्यक्रम का संचालन भी महिला शक्ति द्वारा ही किया गया, जिससे महिला सशक्तिकरण की भावना पूरे आयोजन में स्पष्ट रूप से दिखाई दी। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान झूलेलाल के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके पश्चात भारतीय सिंधु सभा द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों का शाल, श्रीफल, पुष्पमाला एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में भारतीय सिंधु सभा के अध्यक्ष याजी बालकानी ने सम्मेलन की रूपरेखा और उद्देश्य की जानकारी देते हुए सभी अतिथियों एवं समाजजनों का स्वागत किया। कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों में श्रीमती हिना केवलरामानी, राजेश कुमार वाधवानी, राजू मलकानी, जयजी टेकचंदानी, हासी शिवानी दीदी, डॉ. निलेश वाधवानी, हीरालाल करमचंदानी (अध्यक्ष, शहीद हेमू कालानी चेरिटेबल ट्रस्ट), शहीदी मूकलानी (अध्यक्ष, ट्रैवल एसोसिएशन) एवं पंकज शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती हिना केवलरामानी (वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक, वेस्टर्न रेलवे, रतलाम) रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देते हुए ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया तथा आयोजकों की सराहना की। सिंधी साहित्य अकादमी के अध्यक्ष राजेश वाधवानी ने भी अपने उद्बोधन में कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि भविष्य में भारतीय सिंधु सभा और सिंधी साहित्य अकादमी मिलकर समाज और साहित्य के उत्थान के लिए ऐसे अनेक कार्यक्रम आयोजित करेंगे। सम्मेलन में देशभर से आईं प्रतिष्ठित सिंधी कवयित्रियों ने अपनी भावपूर्ण और ओजस्वी काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर भारतीय सिंधु सभा द्वारा समाज की सेवाभावी महिलाओं का विशेष सम्मान किया गया। अपने सहयोग, समर्पण और मेहनत से समाज सेवा में विशेष योगदान देने वाली महिलाओं में डॉ. सुनीता वाधवानी, हासी शिवानी दीदी, उषा कोटवानी, कांता लालचंदानी, आशा जोतवानी, भागेश्वरी लालवानी, जया परिपानी, सुमित्रा आवतानी, दादी आशा गुरुनानी, दादी पुष्पा (लाजवंती) धनवानी तथा बेबी जियाना कटारिया का सम्मान कर स्वागत करने का अवसर प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर विनोद कर्मचंदानी (प्रदेश महामंत्री, संगठन – भारतीय सिंधु सभा) ने समाज की सभी अग्रणी संस्थाओं से निवेदन किया कि आने वाले समय में प्रत्येक संस्था में महिलाओं की कम से कम 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि महिला शक्ति को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
 

कार्यक्रम के अंत में भारतीय सिंधु सभा रतलाम के कार्यवाहक अध्यक्ष श्री जयजी टेकचंदानी द्वारा सभी अतिथियों, कवयित्रियों, समाजजनों तथा प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी सहयोगियों का धन्यवाद एवं आभार प्रदर्शन किया गया।

समारोह के समापन पर उपस्थितजनों ने टी-20 क्रिकेट फाइनल मैच का बड़ी स्क्रीन पर सामूहिक रूप से आनंद लिया। भारत की जीत के साथ ही सभागार में खुशी की लहर दौड़ गई और सभी ने उत्साहपूर्वक भारत की जीत का जश्न मनाया। साहित्य, सम्मान और उत्सव के संगम से यह आयोजन रतलाम के सिंधी समाज के लिए एक यादगार और ऐतिहासिक कार्यक्रम बन गया। इस संबंध में जानकारी विनोद कर्मचंदानी, प्रदेश महामंत्री (संगठन), भारतीय सिंधु सभा द्वारा दी गई।