{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी: रतलाम-नीमच दोहरीकरण के बाद ट्रेनों की रफ्तार बढ़ी, समय-सारणी में बड़ा बदलाव

 

​रतलाम,15 मई(इ खबर टुडे)। रतलाम-नीमच रेलखंड पर दोहरीकरण का कार्य पूर्ण होने के बाद यात्रियों के लिए सुखद खबर है। इस ट्रैक पर यातायात शुरू होने से ट्रेनों के परिचालन में गति आई है, जिसके फलस्वरूप रेलवे ने ट्रेनों की समय-सारणी में महत्वपूर्ण संशोधन किया है। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा लिए गए इस निर्णय से यात्रियों के समय की बचत होगी और ट्रेनों की समयपालना में सुधार होगा।

​मंडल रेल प्रवक्ता के अनुसार, ट्रैक के दोहरीकरण के कारण ट्रेनों के परिचालन समय में रोजाना लगभग 55 मिनट और साप्ताहिक रूप से करीब 385 मिनट की बचत होगी।

​इन ट्रेनों के समय में हुआ बदलाव
मंदसौर-कोटा-मंदसौर पैसेंजर (गाड़ी संख्या 59834/59833)
​गाड़ी संख्या 59834 (मंदसौर से कोटा): यह बदलाव 18 मई 2026 से प्रभावी होगा। मंदसौर से यह ट्रेन अब रात 21:15 बजे प्रस्थान करेगी। नीमच (21:53), जावद रोड (22:13) और निंबाहेड़ा (22:26) होते हुए आगे बढ़ेगी। चंदेरिया और चित्तौड़गढ़ के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

​गाड़ी संख्या 59833 (कोटा से मंदसौर): यह बदलाव 22 मई 2026 से प्रभावी होगा। यह ट्रेन चित्तौड़गढ़ से 01:50 बजे प्रस्थान कर सुबह 04:35 बजे मंदसौर पहुंचेगी।

मंदसौर-उदयपुर सिटी पैसेंजर (गाड़ी संख्या 59835)
​यह ट्रेन 18 मई 2026 से संशोधित समय पर चलेगी। मंदसौर से प्रस्थान का नया समय सुबह 05:45 बजे होगा। इसके बाद पिपलिया (05:59), नीमच (06:32), जावद रोड (06:59) और निंबाहेड़ा (07:11) होते हुए उदयपुर की ओर जाएगी।

भीलवाड़ा-रतलाम एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 19346)
​22 मई 2026 से भीलवाड़ा से चलने वाली इस ट्रेन के समय में बड़ा संशोधन किया गया है। यह ट्रेन चित्तौड़गढ़ से सुबह 04:50 बजे चलकर नीमच (06:13), मंदसौर (07:06), जावरा (08:05) होते हुए सुबह 09:05 बजे रतलाम पहुंचेगी।

​रेलवे की अपील
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले संशोधित समय-सारणी की आधिकारिक पुष्टि अवश्य कर लें ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।