{"vars":{"id": "115716:4925"}}

अनाज मंडी में तौल की गड़बड़ी के बाद तौल कांटा सत्यापन के आदेश, व्यापारी दस दिन में जांच करावे अन्यथा होगी कार्यवाही 

प्रभारी मंडी सचिव लक्ष्मी भवर की जगह किशोर नरगावे होंगे नए सचिव 
 
 

रतलाम, 25 फरवरी (इ खबर टुडे)। शहर के महू रोड स्थित अनाज मंडी में किसान द्वारा लाए अनाज के तौल में गड़बड़ी के बाद मंडी प्रशासन ने सभी व्यापारियों को तौल संबन्धित आदेश दिए है, शहर और नामली की अनाज मंडी के सभी व्यापारियो को नापतोल विभाग से तोलकाटा सत्यापित करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। गड़बड़ी की घटना कल मंगलवार की बताई जा रही है, जहां  किसान ने इसकी शिकायत मंडी प्रशासन को की है। 

कल दोपहर में मंडी परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब धार जिले के सादलपुर गांव के एक किसान अपना अनाज (गेहू) को लेकर मंडी परिसर में पहुंचा और तोलकाटा पर जब अपना अनाज (गेहूं) तुलवाया तो 70 . 30 क्विंटल बताया। किसान को शंका होने पर किसान ने दोबारा तौल करवाया तो उसमें 95 किलो गेहू काम की गड़बड़ी आई। मामला उजागर होने पर मंडी सचिव लक्ष्मी भवर ने तुरंत संबंधित तोलकांटा व्यक्ति को नोटिस जारी कर दिया। 

जब मामले ने तूल पकड़ा और गड़बड़ी की शिकायत उच्च स्तर पर पहुंची तो प्रशासन ने भी संज्ञान लेते हुए तुरंत ही शाम को मंडी सचिव के पद पर कटनी जिले के किशोर नरगावे का स्थानांतरण रतलाम कर दिया। जिला प्रशासन के आदेश पर मंडी प्रशासन ने मंडी परिसर में स्थित सभी व्यापारियो को तौल कांटा मशीन को सत्यापन करने के आदेश जारी किए। मंडी द्वारा जारी आदेश के अनुसार व्यापारी लहसुन प्याज और अनाज को तोलने वाले इलेक्ट्रॉनिक तोल कांटे एवं बाट नापतोल विभाग से 10 दिवस के भीतर परीक्षण कर सत्यापित करावे। व्यापारी द्वारा सत्यापन नहीं कराए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी जिसकी समस्त जवाबदारी व्यापारी की रहेगी।