अवैध पेट्रोल बेचने वाले पर प्रशासन का डंडा; आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
रतलाम, 10 जून (इ खबर टुडे)। मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन की अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत बाजना में सड़क किनारे अवैध रूप से पेट्रोल का भंडारण और विक्रय करने वाले एक आरोपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कराया है।
कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के सख्त निर्देशों के पालन में प्रशासनिक अमला लगातार मुस्तैद है। इसी कड़ी में कार्यपालिक दंडाधिकारी अनुविभाग सैलाना पारस वैश, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी मोहित मेघवंशी, राजस्व निरीक्षक राजेश पालिया और पटवारी मुकेश चौहान के संयुक्त दल ने 3 जून को त्रिवेणी अस्पताल के सामने औचक निरीक्षण किया।
हाथ ठेले पर बोतलों में बिक रहा था 'ब्लैक' में पेट्रोल
निरीक्षण के दौरान आरोपी लक्ष्मण प्रजापति (निवासी बाजना) को हाथ ठेले पर प्लास्टिक की बोतलों में अवैध रूप से पेट्रोल बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। टीम ने मौके से 5 लीटर और 500-500 एमएल की बोतलों में भरा कुल 6 लीटर अवैध पेट्रोल जब्त किया। जांच में सामने आया कि आरोपी पड़ोसी राज्य राजस्थान के छोटी सरवा स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल लाता था और बाजना में जरूरतमंदों को निर्धारित दर से कहीं अधिक (महंगे) दामों पर बेचकर अवैध मुनाफा कमा रहा था।
प्रशासन ने बिना किसी वैध दस्तावेज और सुरक्षा मानकों के पेट्रोल जैसे अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ के भंडारण और विक्रय को गंभीर अपराध माना है। तहसीलदार बाजना के प्रतिवेदन पर बाजना थाने में आरोपी लक्ष्मण प्रजापति के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है।