अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन का शिकंजा: जावरा क्षेत्र में 10 भूमि स्वामियों को नोटिस, कनेरी के अवैध फार्म्स पर भी कार्रवाई की तैयारी
रतलाम, 26 नवंबर (इ खबर टुडे)। जिले में बिना अनुमति और नियमों के विपरीत विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों व फार्म्स के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने तहसीलदार जावरा की जांच रिपोर्ट के आधार पर ग्राम लुहारी, ग्राम कुम्हारी और जावरा कस्बा क्षेत्र में अवैध कॉलोनी निर्माण से जुड़े प्रकरणों में 10 भूमि स्वामियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए हैं। इसके साथ ही, शहर से सटे ग्राम कनेरी के पास 'गोरी गणेश' के नाम से बेचे जा रहे अवैध फार्म्स पर भी प्रशासन ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
तहसीलदार जावरा द्वारा सौंपी गई जांच रिपोर्ट के अनुसार नोटिस प्राप्त करने वाले भूमि स्वामियों में शंकरलाल पिता मांगीलाल राठौर (निवासी नामली, अन्य-1), सुश्री डाली पिता अमृतलाल चौरसिया (निवासी जावरा), श्रीमती उषा पति प्रकाश (निवासी जावरा), रामचंद्र पिता कन्हैयालाल (निवासी गुडबेली, तहसील आलोट), सिद्धू खां पिता शफी मोहम्मद (निवासी जावरा), गौरव पिता हीरलाल एवं अन्य (निवासी जावरा), आजाद पिता अहमद हुसैन (निवासी जावरा), पन्नालाल पिता वरदीचंद (निवासी जावरा), श्रीमती सीताबाई पति कन्हैयालाल (निवासी जावरा) तथा ताहा हुसैन पिता अब्दुल हुसैन (निवासी जावरा) शामिल हैं।
प्रकरण की जांच के दौरान संबंधित कस्बा पटवारियों ने खाता-खसरा की नकल के साथ इन भूमि स्वामियों द्वारा अनाधिकृत रूप से कॉलोनी विकसित किए जाने का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया था। जांच में सामने आया कि संबंधितों ने मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 तथा मध्यप्रदेश ग्राम पंचायत (कॉलोनी का विकास) नियम 2014 के तहत आवश्यक अनुमतियां और निर्धारित शुल्क जमा किए बिना नियमों का उल्लंघन कर कॉलोनी का निर्माण किया है। आगामी कार्रवाई से पूर्व सभी संबंधितों को अपना पक्ष रखने और वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए सूचना पत्र भेजे गए हैं।
अवैध फार्म्स और लापरवाह अधिकारियों पर भी गाज
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, रतलाम शहर के समीप ग्राम कनेरी क्षेत्र में 'गोरी गणेश' के नाम से बेचे जा रहे अवैध फार्म्स को लेकर भी प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है। इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है और प्रशासनिक अधिकारी जल्द ही संबंधितों को नोटिस जारी कर सकते हैं।
दूसरी ओर, कलेक्टर अजय कटेसरिया ने शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में अवैध कॉलोनियों की रोकथाम के लिए जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को विस्तृत जांच करने के आदेश दिए हैं। एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध कॉलोनी निर्माण की जांच रिपोर्ट तत्काल कॉलोनी सेल को भेजने के निर्देश मिले हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जिन क्षेत्रों में अवैध कॉलोनी निर्माण पाया जाएगा, वहां संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाएगी