रतलाम / सोशल मीडिया पर हुई पहचान, अब शादी का दबाव बना रहा आरोपी; पुलिस में मामला दर्ज
रतलाम, 01 अगस्त (इ खबर टुडे)। जिले के पिपलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बढ़ाया माताजी में एक शादीशुदा महिला को अश्लील गालियां देने और उसके पति को जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी महिला पर बातचीत करने और शादी करने का अनैतिक दबाव बना रहा था। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बडायला माताजी निवासी 27 वर्षीय पीड़िता करीब दो माह पूर्व सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी राहुल पिता मांगीलाल मालवीय (निवासी ग्राम ठिकरिया, थाना बड़ौदा) के संपर्क में आई थी। इसके बाद से ही दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई थी। हालांकि, आरोपी राहुल महिला पर लगातार शादी करने का दबाव बनाने लगा। महिला पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं, जिसके चलते उसने आरोपी से दूरी बनानी शुरू कर दी।
शुक्रवार दोपहर आरोपी राहुल पीड़िता के घर के बाहर पहुंचा और जबरन बातचीत करने का दबाव बनाने लगा। महिला ने जब इसका विरोध करते हुए बात करने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी आपा खो बैठा। उसने पीड़िता को सरेराह अश्लील गालियां दीं और धमकी देते हुए कहा कि— "अगर तुमने मुझसे बात नहीं की, तो तुम्हें और तुम्हारे पति को जान से खत्म कर दूंगा।"
पति को बताई आपबीती, पुलिस में दर्ज कराई प्राथमिकी
आरोपी की हरकतों और धमकियों से परेशान होकर महिला ने तुरंत पूरी आपबीती अपने पति को बताई। इसके बाद पीड़िता पति के साथ पिपलौदा थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पिपलौदा थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी राहुल मालवीय के खिलाफ संबंधित धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।