{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम / स्कूल से घर लौट रही नाबालिग का अपहरण करने वाले आरोपी और महिला सहयोगी गिरफ्तार, 48 घंटे में बालिका बरामद

 

​रतलाम,03जुलाई(इ खबर टुडे)। थाना माणकचौक पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले को महज 48 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने न सिर्फ अपहृत बालिका को सुरक्षित दस्तयाब किया, बल्कि उसे बहला-फुसलाकर ले जाने वाले मुख्य आरोपी और उसकी सहयोगी महिला को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

माणक चौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान से मिली जानकारी के अनुसार, 30 जून को फरियादी दिलीप बालोदरा ने थाना माणकचौक में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग लड़की को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। पुलिस ने तुरंत मामले की गंभीरता को देखते हुए अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

​बुरहानपुर लेकर भागे थे आरोपी
​नाबालिग बालिका जब स्कूल से घर लौट रही थी, तभी मुख्य आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इस घिनौने कृत्य में आरोपी ने अपनी मुंह बोली बुआ (सहयोगी महिला) को भी शामिल किया और दोनों मिलकर बालिका को बुरहानपुर ले गए।

​पुलिस की त्वरित कार्रवाई
​पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल और नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। थाना प्रभारी माणकचौक निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम और साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुरहानपुर में दबिश दी और 48 घंटे के भीतर बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।

गिरफ्तार ​आरोपी
​पुलिस ने इस मामले में दो आरोपी
​शुभम उर्फ संदीप (उम्र 20 वर्ष), पिता अशोक साल्वे, निवासी घासपुरा, खंडवा (हाल मुकाम: दौलतपुरा, पासी मोहल्ला, बुरहानपुर) और ​एक महिला आरोपी (जो मुख्य आरोपी की मुंह बोली बुआ बताई जा रही है) को गिरफ्तार किया है।

​इस टीम की रही सराहनीय भूमिका
​अपहरण की गुत्थी सुलझाने और बालिका को सुरक्षित बचाने में निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान (थाना प्रभारी माणकचौक), उपनिरीक्षक लोकेन्द्र सिंह डाबर, प्रधान आरक्षक राजसिंह, आरक्षक महेश मईडा, मनोहर सिंह, हेमन्त चौहान, जीवन विश्वकर्मा, महिला आरक्षक वर्षा कैथवास, वर्षा पाटीदार, भारती पंवार, मेघा राणा, प्रवीणा और साइबर सेल की मुख्य एवं सराहनीय भूमिका रही।