रतलाम / नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में 8 महीने से फरार 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
रतलाम, 22 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में जिले में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन क्लीन' के तहत थाना रावटी पुलिस ने एक कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के गंभीर प्रकरण में लगभग 8 महीने से फरार चल रहे 5,000 रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरवरी 2026 में आरोपी मोहन (पिता जालू भूरिया, निवासी धोलावाड़) एक नाबालिग पीड़िता को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। इस संबंध में थाना रावटी में अपराध क्रमांक 111/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान अप्रैल 2026 में पुलिस ने नाबालिग पीड़िता को दस्तयाब कर लिया। पीड़िता ने अपने बयानों में आरोपी द्वारा यौन दुष्कर्म किए जाने के आरोप लगाए, जिसके बाद प्रकरण में गंभीर धाराओं और पॉक्सो एक्ट के वैधानिक प्रावधानों को जोड़ा गया। घटना के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस द्वारा 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (रतलाम शहर) राकेश पंद्रो और एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा के मार्गदर्शन में फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। थाना रावटी पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर दबिश देकर वांछित आरोपी मोहन पिता जालू भूरिया को धर दबोचा।
आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी रावटी मनीष डावर, उप निरीक्षक मोहम्मद इरफान खान, प्रधान आरक्षक जगदीश दाबे और आरक्षक बहादुर डांगी की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।