{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 बाउंड ओवर के नियमों की उड़ाई धज्जियां, दोबारा अपराध करने पर आरोपी से वसूला 10,000 का जुर्माना

 

 

​रतलाम, 17 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। जिले के आलोट थाना क्षेत्र में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत बाउंड ओवर (शांति बनाए रखने का मुचलका) होने के बावजूद दोबारा आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले एक आरोपी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट के आदेश पर आरोपी से 10,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
​
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खेड़ी निवासी जयंत पिता विनोद राव मराठा  34 वर्षीय के खिलाफ जमीनी विवाद को लेकर शांति भंग की आशंका के चलते आलोट थाने द्वारा 18 मई 2026 को इस्तगासा क्रमांक 584/2026 तैयार कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया था।

​मामले की सुनवाई के बाद दंडाधिकारी द्वारा आरोपी जयंत राव मराठा को दिनांक 21 मई 2026 से 20 नवंबर 2026 तक यानी 6 महीने की अवधि के लिए 10,000 रुपये के बंध पत्र (बाउंड ओवर) पर निष्पादित किया गया था, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना था।

​बाउंड ओवर अवधि में किए दो गंभीर अपराध
आरोपी ने प्रशासनिक आदेश और बाउंड ओवर की शर्तों का खुला उल्लंघन करते हुए इस तय अवधि के दौरान ही दो अलग-अलग आपराधिक मामलों को अंजाम दे डाला।

बाउंड ओवर की शर्तों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर आलोट पुलिस द्वारा 21 सितंबर 2026 को धारा 141 बीएनएसएस के तहत नया इस्तगासा तैयार कर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं अनुभाग आलोट, जिला रतलाम के न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय द्वारा समय-समय पर नोटिस तामिल कराए जाने के बाद, आदेशों की अवहेलना और बाउंड ओवर तोड़ने के मामले में 16 अक्टूबर 2026 को अनावेदक जयंत राव मराठा से 10,000 रुपये की जुर्माना राशि वसूल की गई।
​
आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश पाटीदार, उप निरीक्षक मोहन भाटी, प्रधान आरक्षक 260 सुरेंद्र सिंह और आरक्षक 710 लोकेन्द्र की सराहनीय भूमिका रही है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।