{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम / पुलिस की ड्रग्स के विरुद्ध कार्रवाई, पांच लाख एमडी ड्रग्स के साथ आरोपी गिरफ्तार

 
 

रतलाम, 27 मार्च(इ खबर टुडे)। शहर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। दीनदयाल नगर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से करीब 5 लाख रुपये मूल्य की एमडी बरामद की गई है। 

​दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि बुधवार रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति संदिग्ध मादक पदार्थ के साथ क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 26 वर्षीय ईश्वर पिता पुनिया उर्फ पूना निनामा, निवासी खेतलपुर को मुखबिर के बताए स्थान भील धर्मशाला, बाजना बस स्टैंड से हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 5 लाख रुपये आंकी गई है।

​न्यायालय ने भेजा 3 दिन की रिमांड पर
​पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। मामले की गंभीरता और ड्रग्स के स्रोत का पता लगाने के लिए न्यायालय ने आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

​पूछताछ में खुलासे की उम्मीद
​शुरुआती पूछताछ में आरोपी ईश्वर ने स्वयं नशे का आदी होना और एमडी का सेवन करना स्वीकार किया है। हालांकि, पुलिस आरोपी से ड्रग्स के स्रोत का पता करने में जुटी है। जिससे शहर में ड्रग्स सप्लाई के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया सके।