रतलाम / शास्त्री नगर में छात्रा को बंधक बनाकर दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर धर्मांतरण का दबाव बनाने वाला आरोपी बड़वानी से गिरफ्तार
रतलाम,18अगस्त(इ खबर टुडे)। शहर के शास्त्री नगर क्षेत्र में एक मेडिकल (BAMS) छात्रा को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने, उसका अश्लील वीडियो बनाने तथा जान से मारने की धमकी देकर धर्म परिवर्तन कराने का दबाव बनाने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को बड़वानी जिले से गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रतलाम जिले की निवासी 20 वर्षीय पीड़िता रतलाम के एक कॉलेज में BAMS की पढ़ाई कर रही है। पीड़िता ने स्टेशन रोड थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि 1 अगस्त की शाम उसके साथ ही पढ़ने वाला छात्र जुबेर मंसूरी पिता अजीत पंजारी (निवासी उमरिया पानी, जिला बड़वानी) उसे शास्त्री नगर स्थित एक मकान में ले गया। वहां आरोपी ने कमरा बंद कर उसे बंधक बनाया और उसकी मर्जी के खिलाफ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
अश्लील वीडियो बनाकर किया वायरल
आरोपी ने घटना का अश्लील वीडियो भी बना लिया और पीड़िता पर शादी करने तथा हिंदू धर्म छोड़कर मुस्लिम धर्म अपनाने का जबरन दबाव बनाने लगा। आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसने धर्म परिवर्तन नहीं किया तो वह वीडियो वायरल कर देगा और उसे जान से मार डालेगा। डर के कारण पीड़िता ने शुरुआत में किसी को कुछ नहीं बताया, लेकिन आरोपी ने अश्लील वीडियो वायरल कर दिए।
वीडियो वायरल होने के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को पूरी आपबीती बताई और पेन ड्राइव में वीडियो साक्ष्य के रूप में ले जाकर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच निरीक्षक गायत्री सोनी को सौंपी। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जुबेर मंसूरी को उसके गृह जिले बड़वानी से गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।