{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम में तीन मासूम बच्चियों से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

 

 

रतलाम, 23 सितंबर (इ खबर टुडे)। शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में तीन मासूम बच्चियों के साथ छेड़छाड़ की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे पैदल न्यायालय में पेश किया। 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 20 सितंबर की शाम करीब 5 बजे की है। परिजनों के अनुसार, वे बाजार गए हुए थे और घर पर 10, 7 और 6 वर्ष की तीन बच्चियां अकेली थीं। इसी दौरान बच्चियां पास ही रहने वाले आरोपी मोईन उर्फ चिंटू (निवासी जय भारत नगर) के घर बिल्ली लेने गई थीं। आरोप है कि आरोपी ने बच्चियों के साथ अश्लील हरकतें कीं, जिनमें प्राइवेट पार्ट को टच करना, जबरन किस करना और हाथ पकड़ना शामिल है। घटना के बाद सहमी बच्चियों ने अपने परिजनों और रिश्तेदार (खाला) को आपबीती बताई, जिसके बाद परिजनों ने तुरंत स्टेशन रोड थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया।

परिजनों की शिकायत पर स्टेशन रोड थाना पुलिस ने आरोपी मोईन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 333 और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर क्षेत्र में उसका जुलूस निकाला और पैदल ही अदालत में पेश किया।

मामले को चिन्हित कर जल्द दिलाएंगे सजा: एसपी अमित कुमार
​घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए रतलाम एसपी अमित कुमार ने कहा, "यह बेहद संवेदनशील मामला है। बच्चियों के साथ छेड़छाड़ का प्रकरण सामने आने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले को 'चिन्हित प्रकरण' (Identified Case) के रूप में लिया जाएगा, ताकि आरोपी को अदालत से जल्द से जल्द और सख्त सजा दिलाई जा सके। इसके लिए अभियोजन (Prosecution) और लीगल सेल को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।"