रतलाम / करोड़ों की सराफा लूट, फरार आरोपी इंदौर से गिरफ्तार; 80 लाख का सोना-चांदी बरामद
रतलाम, 22 अगस्त(इ खबर टुडे)। बिलपांक थाना क्षेत्र अंतर्गत बस में सराफा व्यवसायी के साथ हुई करोड़ों रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी गौरव गुर्जर (पिता भागीरथ गुर्जर) निवासी हरसोला, इंदौर को आज शनिवार तड़के उसके निवास स्थान से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से उसके हिस्से में आया करीब 80 लाख रुपये मूल्य का सोना और चांदी बरामद किया है।
आरोपी गौरव गुर्जर इंदौर के हरसोला में ढाबा संचालित करता है, जिस पर एक दिन पूर्व ही अवैध शराब का प्रकरण दर्ज हुआ था। फरारी के दौरान वह मथुरा चला गया था। लौटने के बाद उसने लूट का माल पड़ोस में रहने वाले अपने मामा के घर छिपा कर रखा था। पुलिस की टीम ने सटीक सूचना व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबिश देकर उसे धर दबोचा। आरोपी के कब्जे से सोने के आभूषण 502 ग्राम, चांदी के आभूषण 1 किलो 270 ग्राम कुल अनुमानित कीमत लगभग 80 लाख रुपये बरामद कर लिए।
यह थी पूरी घटना
रतलाम के चांदनी चौक स्थित गणेश मार्केट के सराफा व्यापारी अर्पित चोरड़िया 13 अगस्त की रात बड़नगर से व्यापार निपटाकर बीके यादव बस से रतलाम लौट रहे थे। रात लगभग 9:15 बजे उमरथाना फंटा (हनुमान चौकी) के पास बस में सवार आरोपियों ने मारपीट कर जेवरात से भरा बैग छीन लिया था। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बिलपांक में धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पूर्व में पकड़ा चुके हैं 7 आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार, एएसपी विवेक कुमार लाल और एएसपी राकेश पेंड्रो के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी किशोर पाटनवाला के निर्देशन में पुलिस टीमों ने 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और साइबर तकनीक की मदद से आरोपियों को चिन्हित किया। पुलिस पूर्व में 15 और 16 अगस्त को मास्टरमाइंड रोहित नायक सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर 4.167 किग्रा सोना और 4.047 किग्रा चांदी बरामद कर चुकी है।
सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक अय्यूब खान (थाना प्रभारी बिलपांक), प्रधान आरक्षक राहुल जाट, नरेंद्र चावड़ा, निलेश पाठक, दिलीप रावत, आरक्षक संजय सोनी, रोशन राठौर एवं माखन सिंह की विशेष भूमिका रही।