नीट परीक्षा से पहले विद्यार्थियों का डर भगाने के लिए 'अभ्यास कॅरियर इंस्टीट्यूट' की सराहनीय पहल
रतलाम,25अप्रैल(इ खबर टुडे)। आगामी 3 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में बैठने वाले विद्यार्थियों के लिए रतलाम का 'अभ्यास कॅरियर इंस्टीट्यूट' एक अनूठी पहल करने जा रहा है। संस्थान द्वारा 29 अप्रैल को “प्री-नीट एग्ज़ाम” का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य छात्रों को मुख्य परीक्षा से पहले वैसा ही माहौल देना है, जैसा उन्हें परीक्षा केंद्र पर मिलेगा।
संस्थान के संचालक राकेश कुमावत ने बताया कि यह मॉक टेस्ट पूरी तरह से NCERT पैटर्न पर आधारित होगा। परीक्षा के दौरान न केवल प्रश्न पत्र का स्तर नीट जैसा होगा, बल्कि प्रक्रियाओं का भी सख्ती से पालन किया जाएगा। इसमें डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, एडमिट कार्ड चेकिंग, फोटो मैचिंग और जन्मतिथि (DOB) वेरिफिकेशन जैसी वे सभी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी, जो मुख्य परीक्षा के दिन अनिवार्य होती हैं।
तकनीकी समस्याओं का मिलेगा समाधान
अक्सर देखा जाता है कि परीक्षा के दिन एडमिट कार्ड और पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड) की फोटो मैच न होने या जन्मतिथि में विसंगति होने पर छात्र घबरा जाते हैं। इस प्री-एग्ज़ाम के माध्यम से छात्रों को सिखाया जाएगा कि ऐसी विषम परिस्थितियों में शांति से समस्या का समाधान कैसे निकाला जाए, ताकि 3 मई को उन्हें किसी भी मानसिक तनाव का सामना न करना पड़े।
नि:शुल्क रहेगा पंजीकरण
विद्यार्थियों के भविष्य और उनके अभिभावकों के सपनों को ध्यान में रखते हुए संस्थान ने इस परीक्षा को पूर्णतः नि:शुल्क रखा है। शहर का कोई भी नीट अभ्यर्थी इसमें शामिल हो सकता है। हालांकि, व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संस्थान के आधिकारिक पेज पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा।
संचालक की अपील: डर को हराकर बढ़ें आगे
राकेश कुमावत ने भावुक अपील करते हुए कहा कि कई बार छात्र योग्यता होने के बावजूद केवल घबराहट और डर के कारण अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाते। यह 'प्री-नीट' उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने शहर के सभी परीक्षार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने का आह्वान किया है।